नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में रविवार को एक फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग गली नंबर-2 स्थित एक फैक्ट्री में लगी, जहां जूडो ड्रेस और बॉक्सिंग ग्लव्स बनाने का काम किया जाता है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास के इलाके में धुआं फैल गया।
घबराकर छत से कूदे लोग, छह घायल
फैक्ट्री में आग लगने की खबर मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेज थी कि आसपास की इमारतों में रहने वाले लोग भी घबरा गए। इसी दौरान दूसरी बिल्डिंग में रहने वाले कुछ लोगों ने आग और धुएं से बचने के लिए घबराकर छत से छलांग लगा दी। इस हादसे में छह लोग घायल हो गए।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दमकल की टीम
हादसे के बाद सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि सभी घायल खतरे से बाहर हैं और उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने भी राहत और बचाव कार्य में मदद की। फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को जानकारी दी गई। इसके बाद फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। दमकलकर्मियों ने आसपास के इलाके को सुरक्षित करते हुए आग पर काबू पाने की कोशिश की।
मौके पर कई फायर टेंडर मौजूद हैं। दमकल विभाग की टीम आग को पूरी तरह बुझाने और किसी तरह के दोबारा भड़कने की आशंका को खत्म करने में जुटी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग पर लगभग काबू पा लिया गया है। जानकारी के अनुसार, जिस फैक्ट्री में आग लगी है, वहां जूडो ड्रेस और बॉक्सिंग ग्लव्स तैयार किए जाते हैं।
फैक्ट्री में बनते हैं जूडो ड्रेस और बॉक्सिंग ग्लव्स
फैक्ट्री के अंदर बड़ी मात्रा में सामान और निर्माण से जुड़ी सामग्री मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैलने की बात सामने आई है। लेकिन आग किस वजह से लगी, इसकी अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर हैं। आग लगने के सही कारण और फैक्ट्री में हुए नुकसान का आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद किया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

