Delhi news : दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक रेस्टोरेंट में बुधवार सुबह लगी भीषण आग में 21 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे के बाद आप नेता सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली की भाजपा सरकार को निशाना बनाते हुए दमकल विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठाया और पूछा कि रेस्क्यू में आखिर 45 मिनट क्यों लगे। राजधानी के मालवीय नगर स्थित एक होटल में बुधवार सुबह भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। आग इतनी भयावह थी कि जान बचाने के लिए कुछ लोगों को ऊपरी मंजिल से छलांग लगानी पड़ी। सूचना मिलने के तुरंत बाद दमकल विभाग की कई गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। घंटों की कड़ी मेहनत के बाद ही आग पर नियंत्रण पाया जा सका। इस घटना में लापरवाही को लेकर आप नेता सौरभ भारद्वाज ने गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि दमकल विभाग 45 मिनट की देरी से मौके पर पहुंचा, जिससे स्थानीय लोगों को विदेशी नागरिकों को बचाने के लिए गद्दे बिछाने पड़े। भारद्वाज ने कहा कि दमकल स्टेशन पुलिस स्टेशन के ठीक पीछे है। यह आग स्थल से केवल तीन मिनट की दूरी पर स्थित है। उन्होंने बिजली आपूर्ति समय पर बंद न होने पर भी सवाल उठाया। बिजली के तारों में धमाके हुए थे, जो इसकी पुष्टि करते हैं। दिल्ली पुलिस ने होटल में आग लगने के मामले में गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है।
दिल्ली आग हादसे पर आप नेता का दिल्ली सरकार पर हमला
सौरभ भारद्वाज ने इस घटना को लेकर दिल्ली सरकार पर भी सवाल उठाए। उन्होंने फरवरी में पालम में हुई आग की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि उस हादसे में नौ लोगों की मौत हुई थी, लेकिन तीन महीने बाद भी जांच रिपोर्ट सामने नहीं आई। उन्होंने विवेक विहार अग्निकांड का जिक्र करते हुए दमकल विभाग में पानी की कमी का मुद्दा भी उठाया। भारद्वाज ने सरकार से जवाबदेही तय करने और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं, दिल्ली पुलिस ने मालवीय नगर स्थित रेस्टोरेंट में आग लगने के मामले में गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। घटना की जांच के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया।
दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा सरकार को घेरा, उठाए कई सवाल
दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि राजधानी में इस तरह की यह पहली घटना नहीं है। उनके अनुसार, पिछले तीन महीनों में यह चौथा ऐसा हादसा है जिसमें लोगों की जान गई है, लेकिन सरकार की ओर से कोई ठोस कार्रवाई देखने को नहीं मिली। उन्होंने इस मामले में दिल्ली फायर विभाग और नगर निगम की भूमिका पर भी सवाल उठाए। यादव का आरोप है कि ऐसे अवैध संचालन संबंधित विभागों की लापरवाही या संरक्षण में ही संभव हो पाते हैं। उन्होंने कहा कि बार-बार लोगों की मौत के बावजूद सरकार गंभीरता से कदम उठाती नजर नहीं आती।
AAP नेता आतिशी ने मालवीय नगर आग हादसे पर पूछा- आखिर कौन जिम्मेदार?
आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने मालवीय नगर आग हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही, उन्होंने उन परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की जिन्होंने इस हादसे में अपने प्रियजनों को खो दिया। आतिशी ने कहा कि दिल्ली में लगातार हो रहे अग्निकांडों और इनमें होने वाली मौतों के लिए जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में फायर सेफ्टी व्यवस्था इतनी कमजोर क्यों हो गई है। उनके अनुसार, हर हादसे के बाद केवल बयान दिए जाते हैं, लेकिन जिम्मेदारी तय करने और सुधारात्मक कदम उठाने की दिशा में ठोस कार्रवाई दिखाई नहीं देती। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा से जुड़ी ऐसी लापरवाही को अब नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
मालवीय नगर आग हादसा: केजरीवाल ने जताया गहरा दुख

