उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के मंडी धनौरा थाना क्षेत्र में एक युवती को कथित तौर पर सोशल मीडिया पर बदनाम करने, उसकी दो शादियां तुड़वाने और विरोध करने पर तेजाब फेंकने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता के भाई की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अमरोहा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, परिवार ने सबसे पहले युवती की शादी एक गांव में तय की थी। आरोप है कि उसी गांव के रहने वाले आरोपी युवक ने युवती के होने वाले पति को फोन कर जान से मारने की धमकी दी, इसके बाद लड़के पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया और रिश्ता टूट गया।
परिवार ने कुछ समय बाद मेरठ जिले के एक गांव में युवती का दूसरा रिश्ता तय किया। आरोप है कि इस बार आरोपी ने इंस्टाग्राम के जरिए युवती के बारे में आपत्तिजनक और भ्रामक बातें फैलानी शुरू कर दीं। शिकायत के मुताबिक, सोशल मीडिया पर फैलाई गई इन बातों के कारण दूसरा रिश्ता भी टूट गया।
पीड़ित परिवार ने इसके बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की। क्षेत्राधिकारी के सामने दर्ज कराए गए बयान में युवती ने एक और गंभीर आरोप लगाया। उसका कहना है कि पिछले महीने जब वह खेत जा रही थी, तब आरोपी ने रास्ते में उसे रोक लिया, उसके साथ अश्लील हरकत की और विरोध करने पर धमकी दी कि अगर उसने किसी और से शादी की तो उसके चेहरे पर तेजाब डाल देगा और जान से मार देगा।
पीड़िता के भाई की तहरीर पर मंडी धनौरा थाने में पुलिस ने आरोपी युवक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। अमरोहा जनपद पुलिस आरोपी युवक की तलाश में जुट गई है। थाना प्रभारी सतेंद्र सरोहा ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और सभी आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपी की भूमिका, सोशल मीडिया गतिविधियों और पीड़ित पक्ष के लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
रिपोर्ट- अज़ीम/सोनू सिंह

