आजमगढ़ जनपद में दादा पोते की हत्या के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पवई थाना क्षेत्र का हेवती डीहवा गांव में एक ही परिवार के दादा और पोते की अलग-अलग स्थानों पर धारदार हथियार से हत्या कर दी गई।

ट्यूबवेल पर सो रहे 70 वर्षीय जगदंबा प्रसाद यादव और घर में सो रहे 25 वर्षीय अंकित उर्फ श्रीवांशु यादव की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई। पुलिस ने घटनास्थल के पास से खून से सनी कुल्हाड़ी बरामद की है। शुरुआती जांच में भूमि विवाद और पारिवारिक रंजिश का पहलू सामने आया है, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

बृहस्पतिवार देर रात हुई इस वारदात में पहले बदमाशों ने ट्यूबवेल पर सो रहे जगदंबा प्रसाद यादव की हत्या की। इसके बाद करीब 400 मीटर दूर उनके घर पहुंचकर बरामदे में सो रहे उनके पोते अंकित पर जानलेवा हमला कर दिया। परिजन घायल अंकित को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अंकित की मौत की सूचना देने जब परिजन ट्यूबवेल पहुंचे तो वहां जगदंबा प्रसाद यादव का शव भी खून से लथपथ मिला। सूचना पर एसपी ग्रामीण चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घर से करीब 100 मीटर दूर खेत से खून से सनी कुल्हाड़ी बरामद कर जांच के लिए भेज दी।

मृतक के परिजनों ने पुराने भूमि विवाद और रंजिश की आशंका जताई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कई टीमों को आरोपियों की तलाश में लगाया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जल्द मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version