Basti News: उत्तर प्रदेश के बस्ती से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। जहां एक अधेड व्यक्ति की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। मामला जमीनी विवाद का बताया जा रहा है। दो पक्षों में काफी समय से जमीनी विवाद चल रहा था। एक गुट के कुछ लोगों ने मिलकर अधेड की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी। इस मामले में बस्ती पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है।
जमीनी रंजिश में दबंगों ने एक अधेड़ की पीटकर हत्या कर अधमरा कर दिया। परिवार के लोग आनन फानन में घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है। खबर है कि पीड़ित पक्ष के कुछ लोगों ने आरोपी के घर में तोड़फोड़ की है।
सूचना मिलते ही एएसपी, सीओ सिटी सहित कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरु कर दी है। गांव में तनाव की स्थित को देखते हुए बड़ी संख्या में फोर्स व पीएससी लगा दी है। पुलिस घटना में शामिल लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भूमि बैनामा में गवाह बनने की बात को लेकर एक पखवारा पहले विवाद शुरू हुआ था। बैनामा कर्ता की पत्नी दिल्ली में रहती है। वह बैनामा में गवाह बनने की बात से नराज थी। उसका एक गवाह से कुछ दिन पहले विवाद भी हुआ था। जिसमें लालगंज पुलिस ने एक गवाह और उसके सहयोगी पर मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है। गवाहों को शक था कि उसके पड़ोसी 50 वर्षीय लक्ष्मण निषाद उसको इनके विरुद्ध भड़का रहे हैं।
सोमवार रात लक्ष्मण निषाद बरगदहा पुल की तरफ की से गांव आ रहे थे और गवाह व उसके सहयोगी इधर से जा रहे थे। गांव के दक्षिण मनोरमा नदी के पास हुई मारपीट में लक्ष्मण को काफी चोटें आई। परिवार के लोगों को जानकारी होते ही वह इन्हें घर लेकर आए। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनहरा ले जा रहे थे कि रास्ते में मृत्यु हो गई।
इसके बाद गांव में तनाव की स्थित बन गई। मृत्यु की सूचना मिलते ही कुछ लोगों ने आरोपियों के घर पर चढ़कर तोड़फोड़ शुरु कर दी। रात से पूरे गांव में पीएससी बल तैनात है। स्वाट टीम व क्राइम ब्रांच भी रात से आरोपियों की तलाश में लगी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

