अपनी मौज-मस्ती और नशे के शौक को पूरा करने के लिए दो दोस्त चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। दोनों दोस्त सुनसान रास्ते में मिलने वाले लोगों के साथ लूट करते थे। जिसके बाद लूट के सामान को बेचकर अपने शौक पूरा करते थे। वे अब तक दर्जनों वारदातों को अंजाम दे चुके है। बस्ती पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है।
बस्ती पुलिस ने महिलाओं से चैन स्नैचिंग करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से लूटी गई चेन, चोरी की बाइक सहित नगदी बरामद की है। आरोप है कि अभियुक्तों ने बीते 16 जून को टेंपो में बैठी महिला से लॉकेट छीनने की घटना को अंजाम दिया था। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने 4 जुलाई को बस्ती रेलवे क्रॉसिंग के पास महिला से सोने की चेन झपटने की बात भी स्वीकार की है।
दोनों अभियुक्तों की पहचान दीपक मौर्या उर्फ रितेश और आकाश के रुप में हुई है। छावनी पुलिस ने सर्विलांस की मदद से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। सीओ सिटी सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि आरोपी सुनसान रास्ते पर महिलाओं के साथ चेन और मोबाइल की छीनाझपटी कर उनके साथ लूट करते थे। यह दोनों आरोपी ऐशोआराम और नशा करने के लिए लोगों को लूटते थे। मुखबिर और सर्विलांस टीम की मदद से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है दोनों आरोपियों को न्यायालय में में पेश किया गया है। आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

