बुलंदशहर जनपद के थाना छतारी क्षेत्र के गांव जिनामई में एक प्रेम प्रसंग ने खूनी रूप ले लिया, जहां एक युवक अपनी शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचा था, तभी प्रेमिका के पति और परिजनों ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। गुस्साए परिजनों ने युवक को लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा, जिससे उसकी मौके पर ही निर्मम हत्या हो गई। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और पुलिस-प्रशासन में हड़कंप की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, गांव जिनामई निवासी युवक अपनी परिचित एक शादीशुदा महिला से मिलने उसके घर पहुंचा था। दोनों के बीच पहले से प्रेम संबंध होने की बात सामने आ रही है। युवक जैसे ही घर के भीतर पहुंचा, महिला के पति और अन्य परिजनों ने उसे देख लिया और तुरंत घेराबंदी कर ली। आक्रोशित परिजनों ने बिना कोई मौका दिए युवक पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। बचाव का कोई अवसर न मिलने पर युवक बुरी तरह घायल हो गया और कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया।
वारदात की जानकारी मिलते ही सीओ अनूपशहर के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस फोर्स तुरंत गांव जिनामई पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे इलाके की घेराबंदी की और छानबीन शुरू की। मौके से साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरा और उसे आगे की कार्रवाई के लिए पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
ये भी पढ़ें: योगीराज में अपराधियों की खैर नहीं, अंकित बालियान हत्याकंड में दो आरोपी ढेर
घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं क्षेत्र की शांति के लिए खतरा बनती जा रही हैं। पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस अवैध संबंध और घटनाक्रम के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल रहे हैं। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

