गाजियाबाद: दिल्ली से सटे यूपी के गाजियाबाद (Ghaziabad) में एक पॉश सोसाइटी में 16 साल की नाबालिग लड़की ने बिल्डिंग से कूद कर जान दे दी। घटना विजयनगर थाना क्षेत्र स्थित गौर सिद्धार्थम सोसाइटी में मंगलवार शाम को हुई।

सोसाइटी में अचानक उस वक़्त अफरातफरी मच गई जब लोगों ने 16 साल की लड़की को 15 वीं मंजिल से नीचे गिरते देखा। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची और लड़की को अस्पताल लेकर पहुंची जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

क्या पढ़ाई के प्रेशर ने ली जान

विजयनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक धर्मपाल सिंह ने बताया कि घटना मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे की है। करीब 7 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि गौर सिद्धार्थम सोसाइटी के आई टावर की 15वीं मंजिल से एक लड़की गिर गई है।

सूचना मिलने के बाद विजयनगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि एक सुसाइड नोट भी जांच के दौरान प्राप्त हुआ है जिसमें लड़की के द्वारा लिखा गया है कि वह एकेडमी (पढ़ाई) के प्रेशर को नहीं झेल पा रही थी जिसके कारण उसने यह कदम उठाया।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

उन्होंने बताया कि पुलिस की जांच में लड़की की पहचान शनाया विष्ट (16) के रूप में हुई है जो देवेंद्र सिंह की बेटी थी. देवेंद्र सिंह सोसाइटी के फ्लैट नंबर 1576, आई टावर में रहते हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और परिवार के साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। इसके युवती का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

रिपोर्ट: अंकित मंडार

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version