गाजियाबाद: दिल्ली से सटे यूपी के गाजियाबाद (Ghaziabad) में आदित्य मेगा सिटी के बहुमंजिला आवासीय परिसर में आग लगने से हड़कंप मच गया। दरअसल शनिवार को एक फ्लैट के स्टोर रूम में अचानक आग लग गई। घटना की सूचना दोपहर करीब 2:12 बजे फायर स्टेशन वैशाली को मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम दो फायर टेंडरों के साथ मौके पर पहुंची।

दमकल विभाग के मुताबिक, आग आदित्य मेगा सिटी के टावर के पांचवें तल पर स्थित फ्लैट नंबर GC-502 के स्टोर रूम में लगी थी। आग की वजह से पूरे टावर में घना और दमघोंटू धुआं भर गया था। मेंटेनेंस स्टाफ द्वारा शुरुआती स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की गई लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण स्थिति गंभीर हो गई।

कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू

मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देश पर फायरकर्मियों ने ग्राउंड फ्लोर से हॉज लाइन को सीढ़ियों के जरिए घटनास्थल तक पहुंचाया। वहीं, धुएं और आग के बीच सुरक्षित तरीके से अंदर जाने के लिए दमकलकर्मियों ने ब्रीदिंग अपरेटस (BA सेट) का इस्तेमाल किया।

फायरकर्मियों ने बिल्डिंग में लगे फायर फाइटिंग सिस्टम की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। साथ ही आधुनिक एग्जॉस्ट उपकरणों के जरिए टावर और फ्लैट में भरे घने धुएं को बाहर निकाला गया। दमकल विभाग की तत्परता और समन्वित कार्रवाई से कुछ ही समय में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

देर होने पर आसपास के फ्लैटों में फैल सकती थी आग

दमकल विभाग के अनुसार, भवन में पहले से उपलब्ध फायर फाइटिंग सिस्टम और दमकल टीम की त्वरित कार्रवाई के चलते आग को आसपास के अन्य आवासीय फ्लैटों तक फैलने से रोक लिया गया। इससे एक बड़ा हादसा टल गया। इस अग्निकांड में किसी भी व्यक्ति की जनहानि नहीं हुई है। हालांकि, स्टोर रूम में रखा सामान और उसके आसपास मौजूद घरेलू वस्तुएं आग की चपेट में आने से जलकर क्षतिग्रस्त हो गईं।

रिपोर्ट: अंकित मंडार

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version