Ghaziabad News: गाजियाबाद की लोनी विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक नंदकिशोर गुर्जर केंद्र सरकार के 12 साल बेमिसाल प्रोग्राम में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी देश के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। उनकी नीतियों से देश नंबर वन बन रहा है। जो सांसद और विधायक भारतीय जनता पार्टी में आना चाहता है उनका स्वागत है।
विधायक ने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी के 28 सांसद हमारे नेताओं के संपर्क में है। बहुत जल्द समाजवादी पार्टी समाप्त होने जा रही है। उन्होंने कहा कि देशवासी देश के लिए सुभाष चंद्र बोस आजाद हिंद फौज में शामिल हुए थे। इसी प्रकार अब धीरे-धीरे विरोधी पार्टियों के सांसद और विधायक भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो रहे हैं।
अयोध्या राम मंदिर मामले को लेकर भी विधायक ने कहा कि इसमें भी समाजवादी पार्टी के लोग शामिल हैं। जिन्होंने चंदे में घोटाला किया है। भगवान राम और राष्ट्रीय के कार्य में दखल डालने और उनको बदनाम करने वाले लोग जल्द पकड़े जायेंगे। उन्होंने सपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि अखिलेश यादव अब इस मामले में SIT की जांच से पीछे हट रहे है। अखिलेश यादव को पता है कि उनके लोग इसमें शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद इस मामले को गंभीरता से ले रहे हैं।
महाराष्ट्र के सांसदों को लेकर भी उन्होंने कहा कि यह कोई दबाव नहीं है। यह उनकी अपनी निजी राय है। जनता की आवाज पर वे भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो रहे हैं। उत्तर प्रदेश से भी कुछ सांसद भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं। उनका दावा है कि बहुत जल्द अन्य सांसद एनडीए के साथ आने वाले हैं और इन छोटी पार्टियों का सफाया होने वाला है।

