अखिलेश यादव के चवन्नी वाले बयान के विरोध में अब पोस्टर वार शुरु हो चुका है। समाजवादी पार्टी प्रमुख ने जयंत चौधरी पर कटाक्ष किया था। जिसके जवाब में अब गाजियाबाद और मेरठ में सपा के खिलाफ पोस्टर वार देखने को मिला है।
आगामी विधानसभा चुनावों में अभी छह माह का समय शेष है, लेकिन मौसम में चुनावों की गर्मी देखने को मिल रही है। अखिलेश के द्वारा चव्वनी वाले बयान पर खूब राजनीति देखने को मिल रही है। रालोद ने सपा प्रमुख के इस बयान का कड़ा विरोध किया है। कड़े विरोध के बाद अब अखिलेश भी इस मुद्दे पर घिरते नजर आ रहे है।
गाजियाबाद समेत मेरठ में यूनीपोल पर एक पोस्टर दिखाई दिया। पोस्टर पर अखिलेश यादव की फोटो के साथ एक स्लोगन लिखा था। पोस्टर पर लिखा था “सबको गाली सबका अपमान, समाजवादी पार्टी की पहचान” सुबह जब लोगों ने पोस्ट देखा तब इस पोस्टर पर नई चर्चा छिड़ गई। हालांकि पोस्टर को हटा दिया गया है।
गाजियाबाद और मेरठ शहर में लगे इन पोस्टरों को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हटा दिए है। लेकिन ये पोस्टर शहर में किसने लगवाए है इसका पता अभी तक नहीं चला है। माना जा रहा है कि जयंत चौधरी पर किए गए कटाक्ष के बाद नाराज होकर उनके समर्थकों ने इन पोस्टरों को लगाया है।
शहर में लगे विवादित पोस्टर को फिलहाल हटा लिया गया है। इन पोस्टर को किसने लगाया यह अभी साफ नहीं हुआ है। लेकिन एक बात साफ है कि विवादित पोस्टर लगाने से शहर में राजनीति की नई बहस को हवा जरुर मिली है।


