लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ में ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विशेष बसों को फ्लैग-ऑफ किया। योजना के तहत उत्तर प्रदेश में 60 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा मिलेगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश में आधी आबादी के सामने सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का संकट था। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में दंगे, कर्फ्यू, असुरक्षा और उपद्रव का माहौल था, जबकि योजनाओं में भ्रष्टाचार और बिचौलियों का बोलबाला था। अब सरकार की योजनाओं के केंद्र में बेटी और आधी आबादी है।

निःशुल्क बस यात्रा

सीएम योगी ने कहा कि सरकार का पहला संकल्प प्रदेश की बेटियों को भयमुक्त वातावरण और सुरक्षा की गारंटी देना था। यह सुरक्षा केवल शारीरिक नहीं, बल्कि मानसिक और स्वास्थ्य सुरक्षा से भी जुड़ी है। उन्होंने महिला हेल्पडेस्क, महिला बीट सिस्टम और विभिन्न सरकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार बेटी के जन्म से लेकर उसकी पढ़ाई और आगे तक हर कदम पर उसके साथ खड़ी है।

रक्षाबंधन पर विशेष छूट

मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर 27, 28 और 29 अगस्त को प्रदेश की सभी महिलाओं के लिए बस यात्रा निःशुल्क रहेगी, ताकि भाई-बहन के प्रेम के बीच किराए के पैसों की बाधा न आए। महिलाओं को यह छूट केवल रक्षाबंधन के अवसर पर दी गई है। उत्तर प्रदेश सरकार के इस फैसले से महिलाओं में खुशी देखने को मिल रही है।

स्नातक छात्राओं को मिलेंगी 50 हजार स्कूटी

सीएम योगी ने एक और बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश में स्नातक की पढ़ाई कर रही 50 हजार बेटियों को अक्टूबर या नवंबर में स्कूटी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार बेटियों को आत्मनिर्भर और आगे बढ़ने के लिए हरसंभव अवसर उपलब्ध करा रही है। कक्षा 10वीं और 12वीं कक्षा पास करने वाली छात्राओं को स्कूटी दी जाएगी।

सुरक्षा प्रोटोकॉल तोड़कर महिलाओं से मिले सीएम

‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ के शुभारंभ के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुरक्षा प्रोटोकॉल तोड़ते हुए विशेष बस में मौजूद महिलाओं के बीच पहुंचकर उनसे संवाद किया और सेल्फी भी ली। मुख्यमंत्री के अचानक महिलाओं के बीच पहुंचने से वहां मौजूद महिलाओं में उत्साह देखने को मिला।

रिपोर्ट- अश्वनी अवस्थी (लखनऊ)

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version