गोंडा में हुए बहुचर्चित ब्लड कारोबार के खुलासे के बाद बलरामपुर के स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा एक्शन लिया है। गोंडा पुलिस की कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग ने उतरौला रोड स्थित केके चैरिटेबल ब्लड सेंटर को सील कर दिया है। ब्लड सेंटर से बड़ी मात्रा में ब्लड, प्लाज्मा और प्लेटलेट्स बरामद हुए हैं, जबकि पूरे मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय समिति गठित कर दी गई है।

गोंडा पुलिस द्वारा कथित अवैध रक्त कारोबार का खुलासा होने के बाद बलरामपुर स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया। सोमवार को बलरामपुर और गोंडा के औषधि निरीक्षकों ने संयुक्त रूप से उतरौला रोड स्थित केके चैरिटेबल ब्लड सेंटर पर छापेमारी की और दस्तावेजों की गहन जांच के बाद ब्लड सेंटर को सील कर दिया।

कार्रवाई के दौरान ब्लड सेंटर से 36 यूनिट ब्लड, 347 यूनिट प्लाज्मा और 4 यूनिट प्लेटलेट्स बरामद किए गए। सभी रक्त अवयवों को सुरक्षित रखने के लिए संयुक्त जिला अस्पताल के सरकारी ब्लड बैंक में स्थानांतरित कराया गया। इस पूरे मामले की शुरुआत तब हुई जब गोंडा पुलिस ने कथित रक्त कारोबार का पर्दाफाश करते हुए संयुक्त जिला अस्पताल के संविदा लैब टेक्नीशियन अभिषेक सिंह और उसके सहयोगी सौरभ श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

आरोप है कि दोनों केके चैरिटेबल ब्लड सेंटर का संचालन कर रहे थे। जांच में यह भी सामने आया कि इसी ब्लड सेंटर से मनकापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती 12 वर्षीय बच्ची को कथित रूप से एक्सपायरी अवधि का रक्त और प्लेटलेट्स उपलब्ध कराए गए, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। वहीं खरगूपुर के एक अन्य मरीज के लिए भेजे गए रक्त को डॉक्टरों ने संदिग्ध गुणवत्ता के कारण चढ़ाने से मना कर दिया था।

जांच का दायरा अब और भी बढ़ गया है। सरकारी ब्लड बैंक की पैथोलॉजिस्ट डॉ. आकांक्षा की भूमिका भी जांच के घेरे में है। बताया जा रहा है कि 11 जुलाई तक निजी ब्लड सेंटर के दस्तावेजों और बोर्ड पर उनका नाम दर्ज था और पंजीकरण से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने पूरे मामले की जांच के लिए एसीएमओ डॉ. संतोष श्रीवास्तव की अध्यक्षता में चार सदस्यीय समिति गठित की है। समिति को तीन दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं जेल भेजे जा चुके संविदा लैब टेक्नीशियन अभिषेक सिंह की सेवा समाप्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

रिपोर्ट-नितिश तिवारी (बलरामपुर)/सोनू सिंह

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version