गोरखपुर: यूपी के गोरखपुर (Gorakhpur) में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 7 साल के मासूम की जान चली गई। दरअसल पिपराइच में स्कूल बस ने 7 साल के छात्र हिमांशु को कुचल दिया जिससे उसकी मौत हो गई. यह हादसा उस वक्त हुए जब हिमांशु बस में चढ़ने की कोशिश कर रहा था।
ड्राइवर मौके से हुआ फरार
घायल होने के बाद मासूम को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक बस मौके पर छोड़कर ही फरार हो गया। पुलिस ने बस कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक स्कूल बस घर के दरवाजे पर पहुंची थी। इसी दौरान सात साल का छात्र हिमांशु बस पर चढ़ने की कोशिश कर रहा था लेकिन वो गिरकर बस के पहियों के नीचे आ गया. हादसे के बाद चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
मौत के बाद गांव में पसरा मातम
रिपोर्ट के मुताबिक हिमांशु चिलबिला स्थित एसडी पब्लिक स्कूल में पढ़ता था। स्कूल बस उसे लेने उसके घर पहुंची थी। परिजन मासूम को बस में बैठाने के लिए दरवाजे तक लेकर पहुंचे थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर उसकी जान नहीं बचा सके। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई जिन्हें पुलिस ने समझाकर शांत कराया। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है।
रिपोर्ट: मुकेश कुमार

