आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने गोरखपुर पहुंचकर प्रदेश सरकार और सत्ताधारी दल पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने विकास के दावों पर सवाल उठाते हुए शहर की साफ-सफाई, जलजमाव और शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरा।
चंद्रशेखर आजाद ने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि एयरपोर्ट से सर्किट हाउस तक के सफर में उन्हें स्पेन जैसा अनुभव तो नहीं हुआ, लेकिन जिस तरह से विकास के दावे किए जा रहे हैं, उसे देखकर गोरखपुर आने वालों को पासपोर्ट और अन्य जरूरी कागजात साथ रखने पड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज भी जमीनी स्थिति नहीं बदली है और गंदगी, जलजमाव तथा कमजोर शिक्षा व्यवस्था सरकार के दावों की वास्तविक तस्वीर पेश करती है।
वहीं आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत करने के साथ ही कई विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारियों की नियुक्ति की जा रही है। उन्होंने संकेत दिए कि एक सप्ताह के भीतर कई सीटों पर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की जा सकती है। गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि भविष्य में अगर कोई राजनीतिक फैसला होता है तो इसकी जानकारी सार्वजनिक रूप से दी जाएगी।
प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए चंद्रशेखर आजाद ने हालिया हत्या की घटना का जिक्र किया और कहा कि सरकार के जीरो टॉलरेंस के दावे ऐसी घटनाओं के बीच सवालों के घेरे में आते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी चिंता एआई से बनाए जा रहे वीडियो से ज्यादा उत्तर प्रदेश के युवाओं और उनके भविष्य को लेकर है। उनका आरोप है कि रोजगार के अभाव में प्रदेश के युवा पलायन करने को मजबूर हैं।
चिल्लूपार विधानसभा में बसपा द्वारा अस्मिता चंद्र को प्रभारी बनाए जाने के सवाल पर चंद्रशेखर आजाद ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित परिवार का अतीत वर्ष 2003 में बहुजन समाज पार्टी की सरकार गिराने की राजनीतिक घटनाओं से जुड़ा रहा है। फिलहाल गोरखपुर पहुंचकर चंद्रशेखर आजाद ने जहां प्रदेश सरकार के विकास और कानून व्यवस्था के दावों पर सवाल उठाए, वहीं आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर आजाद समाज पार्टी की रणनीति और प्रत्याशियों की जल्द घोषणा के संकेत भी दिए हैं।

