गोरखपुर विश्वविद्यालय में छात्रों से साझा किया संघर्ष का सफर, कहा 13 साल की उम्र में तय कर लिया था लक्ष्य, अब लोक कला को तकनीक से जोड़ेंगे।
गोरखपुर के सांसद और अभिनेता रवि किशन शुक्ला ने दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में छात्रों को सफलता का मंत्र दिया। इस दौरान उन्होंने अपने संघर्ष की कहानी साझा की। वहीं मीडिया से बातचीत में उन्होंने विपक्ष पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि चुनाव नजदीक आते ही भगवान राम और श्रीकृष्ण के नाम पर राजनीति शुरू हो जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष संसद का समय बर्बाद करने की तैयारी में है, लेकिन इस बार सरकार ऐतिहासिक विधेयक पारित कराएगी।
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के ‘प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस’ कार्यक्रम में पहुंचे सांसद रवि किशन ने छात्रों से कहा कि वह भी इसी मिट्टी से निकलकर विश्व मंच तक पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि 13 वर्ष की उम्र में ही उन्होंने जीवन का लक्ष्य तय कर लिया था और कठिन संघर्ष के बाद अपनी पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि भविष्य में विश्वविद्यालय में लोक कला और संस्कृति को आधुनिक तकनीक से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
मीडिया से बातचीत में रवि किशन ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव नजदीक आते ही उर्दू, संस्कृत, भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के नाम पर राजनीति शुरू हो जाती है। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष विधानसभा चुनाव में हार की आशंका से नए-नए राजनीतिक मुद्दे खड़े कर रहा है। सांसद ने यह भी कहा कि संसद के आगामी सत्र में विपक्ष व्यवधान डालने की कोशिश करेगा, लेकिन सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण, राष्ट्रीय सुरक्षा और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक विधेयक पारित कराने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की मजबूत होती अर्थव्यवस्था का भी उल्लेख किया।

