रामनगर से देहरादून के बीच बहुप्रतीक्षित नई एक्सप्रेस ट्रेन सेवा का शुभारंभ केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी वर्चुअली कार्यक्रम से जुड़े और उन्होंने भी ट्रेन को रवाना किया।
रामनगर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में पौड़ी सांसद अनिल बलूनी, हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, रामनगर विधायक दीवान सिंह बिष्ट, गदरपुर विधायक अरविंद पांडेय सहित रेलवे और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन बुधवार और शुक्रवार—रामनगर और देहरादून के बीच संचालित होगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रेन सुबह 5 बजकर 50 मिनट पर रामनगर से रवाना होगी, जबकि उसी दिन शाम 3 बजकर 55 मिनट पर देहरादून से रामनगर के लिए प्रस्थान करेगी।
रामनगर और आसपास के क्षेत्र के लोग लंबे समय से इस रेल सेवा की मांग कर रहे थे। इस नई ट्रेन के शुरू होने से कुमाऊं और गढ़वाल के बीच आवागमन अधिक सुगम होने के साथ ही पर्यटन और व्यापार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इस दौरान नेशन 27 के रामनगर संवाददाता गोविन्द पाटनी ने पौड़ी सांसद अनिल बलूनी से विशेष बातचीत की। बातचीत में अनिल बलूनी ने बताया कि वह रामनगर से दिल्ली के लिए एक और सीधी ट्रेन चलाने की मांग भी रेल मंत्री के समक्ष रख रहे हैं।
इसके अलावा उन्होंने कुमाऊं और गढ़वाल को जोड़ने वाली बहुप्रतीक्षित कंडी रोड के निर्माण का मुद्दा भी उठाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार जल्द ही इन दोनों महत्वपूर्ण मांगों को भी पूरा करेगी।

