हापुड़ जनपद के बाबूगढ़ छावनी स्थित न्यू वेद विहार कॉलोनी की टूट चुकी सड़क पर बरसात का पानी भर जाता है। कॉलोनी में बारिश का पानी भर जाने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल जाने वाले छात्र और बुजुर्गों को पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। कॉलोनी वासियों ने अपनी परेशानी को लेकर स्थानीय सांसद अरुण गोविल से कॉलोनी की सड़क बनवाने की मांग की है।

इस दौरान भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष कपिल पाल ने बताया कि न्यू वेद विहार कॉलोनी की मुख्य सड़क लंबे समय से अत्यंत जर्जर अवस्था में है। सड़क कच्ची होने के कारण यहां बरसात के दिनों में सड़क पर जलभराव एवं कीचड़ हो जाता है। क्यों कि यह कॉलोनी का मुख्य रास्ता है और वार्ड 6 नई बस्ती के लोग भी इसी रास्ते का प्रयोग करते है। यहां से विधालय जाने वाले छात्र-छात्राओं को पानी और कीचड़ से होकर जाना पड़ता है। सड़क टूटी होने के कारण बुजुर्गों का आवागमन तथा एम्बुलेंस एवं अन्य आवश्यक वाहनों का पहुँचना अत्यंत कठिन हो जाता है।

कॉलोनी वासियों ने बताया कि न्यू वेद विहार कॉलोनी में पर्याप्त आबादी निवास करती है। खस्ताहाल सड़क होने के कारण स्थानीय नागरिकों को प्रतिदिन भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सड़क निर्माण के लिए कई वर्षों से प्रयास किए जा रहे है। किंतु संबंधित विभागों से अनुरोध किए जाने के बावजूद अभी तक सड़क निर्माण नहीं हुआ है। अब यहां के निवासियों को स्थानीय सांसद अरुण गोविल से उम्मीद है कि वे लोगों की परेशानियों को समझकर कॉलोनी में सीसी सड़क का निर्माण कराएंगे।

इस दौरान न्यू वेद विहार कालोनी बाबूगढ छावनी निवासी एवं भाजपा के बाबूगढ़ मंडल से मंडल उपाध्यक्ष कपिल पाल, सोनू सिंह, अंकित पाल, ऊषा देवी, राजेन्द्री, नारायण सिंह, राहुल, सचिन, गीता देवी, वार्ड 6 से सभासद मुन्नी देवी, अविनाश कुमार, प्रवीण फौजी, अंगेज, गोलू चौधरी, अवनीश शर्मा, कुंवरपाल आदि लोग उपस्थित रहे।

 

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version