हापुड़: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 27 अगस्त 2026 को देशभर में ‘खेलो इंडिया डायलॉग—खेल की बात, प्रधानमंत्री मोदी के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस राष्ट्रव्यापी पहल के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के खिलाड़ियों और युवाओं से सीधे संवाद करेंगे। कार्यक्रम से देशभर के 1,500 से अधिक स्थानों पर युवा, खिलाड़ी और शिक्षण संस्थान जुड़ेंगे।

हापुड़ में गूंजेगी खेल की आवाज! मोनाड विश्वविद्यालय में पीएम मोदी करेंगे खिलाड़ियों से संवाद

हापुड़ में इस कार्यक्रम के लिए मोनाड विश्वविद्यालय को केंद्र बनाया गया है। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसके साथ ही जिले के दो खिलाड़ियों हिमानी संद्ध और मयंक कुमार को प्रधानमंत्री से संवाद का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

सुबह 8 बजे से शुरू होगा कार्यक्रम

उप क्रीड़ा अधिकारी अरुणा सिंह और जिला युवा अधिकारी एकता मिश्रा के अनुसार, प्रधानमंत्री का वर्चुअल संबोधन सुबह करीब 8 बजे शुरू होगा। इसके बाद देशभर में चयनित केंद्रों पर स्थानीय स्तर पर युवा संवाद आयोजित किए जाएंगे। हापुड़ में भी युवाओं और खेल जगत से जुड़े लोगों के साथ चर्चा होगी। इस दौरान युवा खेल सुविधाओं, प्रशिक्षण, खिलाड़ियों को मिलने वाले अवसर और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार साझा कर सकेंगे।

2036 ओलंपिक की तैयारी पर भी रहेगा जोर

‘खेलो इंडिया डायलॉग’ में भारत के खेल भविष्य को लेकर कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। इनमें जमीनी स्तर पर खेल सुविधाओं और प्रशिक्षण का विस्तार, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान, वैज्ञानिक तरीके से एथलीट विकास और 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभाओं को तैयार करना प्रमुख हैं। इसके अलावा खेल प्रशासन में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने, उन्हें भविष्य के लिए जरूरी कौशल देने, स्वयंसेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने जैसे मुद्दों पर भी युवाओं की राय ली जाएगी।

दिग्गज खिलाड़ी साझा करेंगे अपना अनुभव

कार्यक्रम की खास बात यह होगी कि खेलों में रुचि रखने वाले युवाओं को देश के नामी खिलाड़ियों और पदक विजेताओं से संवाद का मौका मिलेगा। दीपा कर्माकर, साइना नेहवाल, गगन नारंग, श्रीजेश, मैरी कॉम, बाइचुंग भूटिया, गोपीचंद, अंजू बॉबी जॉर्ज, कर्णम मल्लेश्वरी, मीराबाई चानू और पीटी उषा जैसे खिलाड़ी युवाओं से जुड़ेंगे।

ये खिलाड़ी अपने खेल सफर, संघर्ष और अनुभवों को युवाओं के साथ साझा करेंगे। इससे युवा खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रेरणा मिलने की उम्मीद है।

युवाओं के सुझाव होंगे दर्ज

स्थानीय युवा संवाद में प्रतिभागियों को केवल सुनने का ही नहीं, बल्कि अपनी बात रखने का भी अवसर मिलेगा। युवा खेलों से जुड़े अपने सुझाव और अनुभव साझा कर सकेंगे। अधिकारियों के मुताबिक प्राप्त सुझावों को निर्धारित रजिस्टर में दर्ज कर आगे भेजा जाएगा। प्रभावी और उपयोगी सुझावों को संबंधित युवा या खिलाड़ी के नाम के साथ प्रकाशित किए जाने की व्यवस्था भी की जाएगी।

कार्यक्रम के बाद भी जुड़ सकेंगे युवा

इस पहल में ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ के तहत क्विज और प्रश्नोत्तरी जैसी गतिविधियां भी शामिल होंगी। युवाओं को माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि वे कार्यक्रम खत्म होने के बाद भी युवा और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेते रहें।

हापुड़ में गूंजेगी खेल की आवाज, मोनाड विश्वविद्यालय में पीएम मोदी करेंगे खिलाड़ियों से संवाद

हापुड़ के युवाओं में उत्साह

कार्यक्रम को लेकर हापुड़ के खिलाड़ियों और युवाओं में खासा उत्साह है। अधिकारियों का कहना है कि इसका उद्देश्य केवल एक दिन का कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि युवाओं की सोच और जमीनी अनुभवों को खेल नीति और भविष्य की योजनाओं से जोड़ना है। हापुड़ में भी युवाओं से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने और खेलों के विकास से जुड़े अपने सुझाव देने की अपील की गई है। खेलो इंडिया डायलॉग के जरिए सरकार और युवाओं के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ देश के खेल भविष्य में युवाओं की भूमिका को और प्रभावी बनाने की कोशिश की जा रही है।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version