हरदोई: यूपी के हरदोई (Hardoi) में एक खूंखार जंगली जानवर ने हमला कर बुजुर्ग महिला की जान ले ली। ग्रामीण ने आशंका जताई है कि जिस जानवर ने हमला किया है वो बाघ हो सकता है।

मामला अतरौली थाना क्षेत्र के भीखपुर ऐमा गांव का है जहां रात में घर के बाहर सो रही एक वृद्ध महिला पर अज्ञात जंगली जानवर ने हमला कर दिया। हमले में छेदाना नाम की बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

हमले से बुरी तरह डरे ग्रामीण

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। महिला के गले और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिले, जबकि उनका एक जबड़ा भी गायब बताया गया। घटनास्थल के आसपास जंगली जानवर के पैरों के निशान भी मिले हैं।

फुटमार्क के आधार पर वन विभाग ने किसी जंगली जानवर की मौजूदगी की संभावना जताई है। मौके पर वन क्षेत्राधिकारी विनय सिंह जादौन समेत कछौना रेंज का स्टाफ मौजूद रहा।

वन विभाग ने शुरू की कॉम्बिंग 

वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में कॉम्बिंग शुरू कर दी है। साथ ही ड्रोन कैमरे से भी निगरानी की जा रही है। ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। अधिकारियों के अनुसार घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीणों में बाघ के होने की आशंका को लेकर भय बना हुआ है। वन विभाग की टीम जंगली जानवर की पहचान और उसकी तलाश में जुटी है।

रिपोर्ट: आनंद त्रिवेदी

 

 

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version