जालौन में बड़ा हादसा: पेड़ से टकराकर खाई में गिरी स्कूली बस, 15 छात्र घायल

जालौन: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। जालौन कोतवाली क्षेत्र के अकोडी गांव के पास एक स्कूली बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई और इसके बाद खाई में जा गिरी। हादसे के बाद बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय बस में कुल 19 छात्र-छात्राएं सवार थे, जिनमें से 15 छात्रों के घायल होने की सूचना है। घायल बच्चों को तत्काल इलाज के लिए सीएचसी जालौन में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त बस उरई के जयपुरिया स्कूल की थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे की वजह चालक की लापरवाही बताई जा रही है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल छात्रों को बस से बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया।

वहीं, जिले में लगातार हो रहे बस हादसों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। अभिभावक और स्थानीय लोग स्कूल वाहनों की फिटनेस, ड्राइवरों की लापरवाही और सुरक्षा मानकों को लेकर चिंता जता रहे हैं।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version