जौनपुर जनपद स्थित सिरकोनी विकासखंड के कबूलपुर गांव में सरकारी प्राथमिक विद्यालय की बदहाल व्यवस्था ने सरकारी दावों की पोल खोल दी है। प्राथमिक विद्यालय कबूलपुर द्वितीय में बारिश के बाद परिसर में पानी जमा हो जाने से छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल परिसर में जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण थोड़ी सी बारिश में ही पूरा प्रांगण जलमग्न हो जाता है।

विघालय मे हालात ऐसे हैं कि छात्रों को जमा गंदे पानी के बीच से होकर कक्षाओं तक जाना पड़ता है। पानी के साथ परिसर में गंदगी और दुर्गंध का भी आलम बना हुआ है। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने के साथ ही उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर भी अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है।

ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय में जलभराव की समस्या कोई नई नहीं है। हर साल बारिश के मौसम में यही स्थिति देखने को मिलती है। कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

ये भी पढ़ें: योगीराज में अपराधियों की खैर नहीं, अंकित बालियान हत्याकंड में दो आरोपी ढेर

अभिभावकों का कहना है कि एक तरफ सरकार सरकारी स्कूलों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और कायाकल्प योजना के तहत विद्यालयों की तस्वीर बदलने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर बच्चों को मूलभूत सुविधाओं के लिए भी जूझना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन और बेसिक शिक्षा विभाग से मांग की है कि विद्यालय परिसर से जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराई जाए, ताकि बच्चों को गंदे पानी के बीच से होकर स्कूल जाने के लिए मजबूर न होना पड़े।

अब सवाल यह है कि जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या का संज्ञान लेकर कब तक कार्रवाई करते हैं और कब तक इन नौनिहालों को जलभराव और गंदगी से राहत मिलती है।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version