जौनपुर हाईवे पर दर्दनाक हादसा तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से साइकिल सवार की मौत - Nation27 >

जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के शिवापार हाईवे पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कार में तोड़फोड़ कर दी और मृतक का शव सड़क पर रखकर हाईवे जाम कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, साइकिल सवार युवक हाईवे से गुजर रहा था, तभी तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर वहां से फरार हो गया। मृतक की पहचान मिथुन गौतम के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आक्रोश जताते हुए कार में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इसके बाद शव को हाईवे पर रखकर आवागमन रोक दिया गया। करीब एक घंटे तक जाम रहने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

सूचना मिलने पर कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ सीओ सिटी और आईपीएस अधिकारी गोल्डी गुप्ता मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाया और कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया और यातायात बहाल कराया गया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि कार में सवार युवक नाबालिग थे और कथित तौर पर नशे की हालत में वाहन चला रहे थे। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। ग्रामीणों ने शिवापार हाईवे पर लगातार हो रहे सड़क हादसों को देखते हुए अंडरपास बनाए जाने की मांग की। उनका कहना है कि हाईवे पार करने के दौरान आए दिन हादसे होते हैं, इसलिए यहां सुरक्षित आवागमन के लिए स्थायी व्यवस्था जरूरी है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के बाद फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों के मुताबिक, मिथुन गौतम की चार छोटी बेटियां हैं, जिनके सिर से अब पिता का साया उठ गया है।

यह भी पढ़ें- ट्रक ड्राइवर को तीसरी बार मिला 3.68 करोड़ का इनकम टैक्स नोटिस, कन्नौज का मामला

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version