प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर कानपुर देहात में भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। इस अवसर पर अकबरपुर लोकसभा सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने प्रसिद्ध कालिका देवी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और हनुमान चालीसा का पाठ किया। प्रधानमंत्री के लिए आयोजित इस पूजा में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। पूजा-अर्चना के बाद सांसद ने श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं को प्रसाद वितरित किया तथा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उनके कार्यकाल की सराहना की।
अकबरपुर स्थित कालिका देवी मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए विशेष पूजा की। इस दौरान मंदिर में सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ भी किया गया, जिससे कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
पूजन कार्यक्रम के बाद सांसद ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुरक्षा, आधारभूत संरचना और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
मीडिया से बातचीत में सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर मजबूत पहचान बना रहा है और आने वाले समय में देश वैश्विक नेतृत्व की भूमिका निभाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी के नाम दर्ज इस उपलब्धि को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में अकबरपुर में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री के दीर्घायु और देश की प्रगति के लिए विशेष पूजा-अर्चना की गई।
रिपोर्ट: गौरव शुक्ला / कानपुर देहात

