रावतपुर थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के विवाद से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। गणेश नगर निवासी एक युवक ने अपनी पत्नी पर चाय और रूम फ्रेशनर में संदिग्ध रासायनिक पदार्थ मिलाकर उसे और उसके माता-पिता को बीमार करने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता हिमांशु गुप्ता के अनुसार उनका विवाह 30 जनवरी 2024 को चकेरी क्षेत्र निवासी ज्योति गुप्ता के साथ हुआ था। उनका आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद पत्नी के व्यवहार में बदलाव आने लगा और परिवार में विवाद बढ़ने लगे। इसी दौरान उनके माता-पिता की तबीयत लगातार खराब रहने लगी। बाद में स्वयं उनकी भी तबीयत बिगड़ गई।

परिवार का दावा है कि चिकित्सकों ने खाने-पीने की वस्तुओं में किसी हानिकारक पदार्थ की आशंका जताई थी। इसके बाद उन्हें पत्नी पर संदेह हुआ। हिमांशु के अनुसार उनकी मां ने एक बार पत्नी को चाय बनाते समय उसमें कोई पदार्थ मिलाते हुए देखा था। संदेह के आधार पर परिवार ने घर में सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए।

शिकायतकर्ता का कहना है कि अगस्त 2024 से रिकॉर्ड हुई सीसीटीवी फुटेज में कई बार उनकी पत्नी चाय में काले रंग का कोई पदार्थ मिलाती हुई दिखाई दे रही है। इसके अलावा पत्नी द्वारा रूम फ्रेशनर में सिरिंज के माध्यम से किसी तरल पदार्थ को मिलाने का भी आरोप लगाया गया है, जिसकी रिकॉर्डिंग होने का दावा किया गया है।

हिमांशु ने बताया कि उनकी पत्नी पहले ही उनके और उनके परिवार के खिलाफ दहेज उत्पीड़न एवं मारपीट का मुकदमा दर्ज करा चुकी है। अब उन्होंने सीसीटीवी फुटेज, मेडिकल दस्तावेज और अन्य साक्ष्य पुलिस आयुक्त कार्यालय को सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की है।

एसीपी कल्याणपुर के अनुसार पति की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version