लखीमपुर खीरी में बच्चों के बीच हुआ मामूली विवाद खूनी वारदात में बदल गया। मर्चेंट नेवी में कार्यरत बेटे ने गुस्से में अपने ही पिता पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के हाथीपुर उत्तरी मोहल्ले का है, जहां पशुपालन विभाग में कार्यरत राजीव अवस्थी की हत्या का मामला सामने आया है। राजीव अवस्थी (56 वर्ष) अपने परिवार के साथ रहते थे। उनका पुत्र आकाश अवस्थी (36 वर्ष) पिछले 15 वर्षों से मर्चेंट नेवी में स्टोर इंचार्ज है। आकाश अवस्थी 30 जून को छुट्टी लेकर घर आया था। रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे आकाश और उसके दिवंगत बड़े भाई विनीत अवस्थी के बच्चों के बीच विवाद हो गया।
परिजनों के मुताबिक राजीव अवस्थी बच्चों का झगड़ा शांत कराने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान आकाश का गुस्सा भड़क गया और उसने चाकू से पिता पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल राजीव की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि बहू के घर आने के बाद से पिता-पुत्र के संबंध ठीक नहीं थे और घटना वाले दिन सुबह आरोपी की पत्नी अपनी मां के साथ घर छोड़कर चली गई थी।
सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने आरोपी आकाश अवस्थी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।
रिपोर्ट- गोपाल गिरि (लखीमपुर खीरी)/सोनू सिंह

