ललितपुर में किसानों को निशुल्क वितरण के लिए भेजे गए सरकारी मूंगफली बीज की कथित ब्लैक मार्केटिंग का बड़ा मामला सामने आया है। उप कृषि निदेशक की छापेमारी में शहर के रावतयाना इलाके के एक मकान से मूंगफली का बीज बरामद किया गया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।
शासन की मंशा के अनुरूप किसानों को निशुल्क वितरण के लिए मूंगफली बीज भेजे गए थे। किसानों के लिए भेजे गए मूंगफली के बीज दलालों के जरिए खुदरा बाजार में बिक्री के लिए बेच दिए गए। इस मामले की सूचना उप कृषि निदेशक को दी गई।
सूचना मिलने के बाद उप कृषि निदेशक ने सदर कोतवाली क्षेत्र की पुलिस के साथ मिलकर रावतयाना इलाके के स्थित एक मकान में छापा मारा। जहां सैकड़ों सरकारी बोरों में मूंगफली के बीज मिले। फिलहाल मौके पर मिले मूंगफली के बीजों के कब्जे में लिया गया है।
उप कृषि निदेशक के द्वारा की गई कार्रवाई में मौके से 185 सरकारी बोरों में करीब 20 क्विंटल मूंगफली का बीज बरामद हुआ। जिसे अधिकारियों ने जब्त कर लिया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि कई किसानों के नाम पर प्राप्त बीज ब्लैक मार्केटिंग के उद्देश्य से एक जगह एकत्र किया गया था।
मौके पर मौजूद आरोपी ने बरामद बीज को अपने रिश्तेदारों का बताते हुए ब्लैक मार्केटिंग के आरोपों से इनकार किया है। फिलहाल कृषि विभाग पूरे मामले की जांच में जुटा है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

