LucknowNews: सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनता दर्शन कार्यक्रम में आम लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनसे सीधे संवाद किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह ‘जनता दर्शन’ किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए हर फरियादी से एक-एक कर मुलाकात की। उनका प्रार्थना पत्र लिया और समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने सभी शिकायतों के उचित व समयबद्ध निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया। वहीं अतिक्रमण की शिकायत पर मुख्यमंत्री सख्त हुए और तत्काल इसकी जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई का निर्देश दिया।

मथुरा के वृद्ध को सीएम योगी ने दिया भरोसा, जल्द हटेगा अतिक्रमण

‘जनता दर्शन’ में मथुरा से एक वृद्ध भी शिकायत लेकर पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि चकरोड पर अतिक्रमण कर लिया गया है। इसकी शिकायत स्थानीय स्तर पर की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कार्रवाई नहीं हुई। इस पर मुख्यमंत्री ने सख्त रूख अपनाते हुए जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि वे स्वयं मौके पर जाएं और यथास्थिति देखें। अतिक्रमण होने की स्थिति में इसे तत्काल हटाएं और दोषियों पर कार्रवाई करें। सीएम ने फिर कहा कि अतिक्रमण की शिकायत कतई बर्दाश्त नहीं होगी। सभी अधिकारी, प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, विकास प्राधिकरण समेत जिम्मेदार संस्थाएं नियमित रूप से इसकी मॉनिटरिंग भी करती रहें।

शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक सहायता पर सरकार का फोकस

जनता दर्शन’ में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पुलिस, राजस्व और आर्थिक सहायता से जुड़े कई आवेदन सामने आए। मुख्यमंत्री ने सभी फरियादियों की बात ध्यानपूर्वक सुनी और उनके प्रार्थना पत्रों को स्वयं संज्ञान में लिया। उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार जनता की हर बुनियादी जरूरत को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और हर समस्या का समाधान समयबद्ध तरीके से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है, सरकार हर परिस्थिति में 25 करोड़ प्रदेशवासियों के साथ मजबूती से खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने लिया हालचाल, बोले- सेहत का रखें पूरा ध्यान

सीएम ने भीषण गर्मी में पहुंचे फरियादियों से पहले उनका हालचाल जाना और उसके बाद उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अलग-अलग जिलों से आए लोगों से बातचीत करते हुए कहा कि इस समय तेज धूप और गर्मी से सावधान रहने की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने खासतौर पर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सलाह दी कि बहुत जरूरी काम होने पर ही दोपहर में घर से बाहर निकलें। साथ ही उन्होंने लोगों को संतुलित और संयमित खानपान अपनाने की भी अपील की।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version