लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने महिलाओं को लेकर बड़ा चुनावी ऐलान किया है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर महिलाओं के लिए ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ शुरू की जाएगी। इस योजना के तहत महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। अखिलेश यादव ने प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि महिलाओं को दी जाने वाली इस राशि में आने वाले वर्षों में बढ़ोतरी भी की जाएगी। सपा अध्यक्ष ने इसे महिलाओं के सम्मान, आर्थिक मजबूती और आत्मनिर्भरता से जोड़ते हुए पार्टी के प्रमुख चुनावी वादों में शामिल किया है।

महिला सांसदों और विधायकों की मौजूदगी में ऐलान
लखनऊ में आयोजित प्रेस वार्ता में अखिलेश यादव के साथ समाजवादी पार्टी की महिला सांसद, विधायक और महिला नेत्रियां मौजूद रहीं। पार्टी ने महिला नेताओं की मौजूदगी में योजना का ऐलान कर यह संदेश देने की कोशिश की कि 2027 के विधानसभा चुनाव में महिलाओं से जुड़े मुद्दे सपा के एजेंडे में प्रमुख स्थान पर हैं।

हर साल 40 हजार रुपये की मदद
सपा के मुताबिक ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ के तहत महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये दिए जाएंगे। यानी पात्र महिलाओं को हर महीने के हिसाब से करीब 3,333 रुपये की आर्थिक सहायता के बराबर राशि मिलेगी। अखिलेश यादव ने यह भी संकेत दिया कि समय के साथ इस सहायता राशि को बढ़ाया जाएगा।

महिला वोटरों पर सपा की नजर
उत्तर प्रदेश में महिला मतदाता चुनावी राजनीति में लगातार महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। ऐसे में सपा के इस ऐलान को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले महिला वोटरों को साधने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। अखिलेश यादव पहले भी महिलाओं के लिए समाजवादी पेंशन योजना को दोबारा शुरू करने की बात कह चुके हैं। अब 40 हजार रुपये सालाना सहायता के ऐलान के साथ सपा ने महिला कल्याण को अपने चुनावी एजेंडे के केंद्र में लाने की कोशिश की है।

2027 से पहले बढ़ेगी सियासी घोषणाओं की रफ्तार
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव अभी दूर हैं, लेकिन राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता का यह ऐलान आने वाले दिनों में सियासी बहस का बड़ा मुद्दा बन सकता है। अब देखना होगा कि भाजपा समेत दूसरे राजनीतिक दल सपा के इस बड़े चुनावी वादे का किस तरह जवाब देते हैं।

रिपोर्ट- फरमान अब्बास मन्जुल, लखनऊ

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version