महराजगंज में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट ने चौंकाने वाले आंकड़े सामने रखे हैं। बीते चार महीनों में जिले में 10 हजार 896 लोग एनीमल बाइट के शिकार हुए हैं, जिनमें अकेले 7 हजार 635 लोगों को आवारा कुत्तों ने काटा है। शहर से लेकर गांव तक आवारा कुत्तों के बढ़ते हमलों से लोगों में दहशत है।

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल में 2071, मई में 1813, जून में 1978 और जुलाई में 1773 लोगों को आवारा कुत्तों ने काटा। यानी हर महीने बड़ी संख्या में लोग डॉग बाइट का शिकार हो रहे हैं।

हालांकि जिले के स्वास्थ्य केंद्रों पर एंटी रेबीज वैक्सीन की व्यवस्था की गई है, लेकिन आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने के लिए नसबंदी और डॉग कैचिंग की प्रभावी व्यवस्था धरातल पर नजर नहीं आ रही है।

महराजगंज, नौतनवा, फरेंदा और घुघली समेत कई इलाकों में कूड़े के ढेरों के आसपास आवारा कुत्तों के झुंड देखे जा सकते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चे घर से बाहर निकलने में डर रहे हैं और बुजुर्ग भी परेशान हैं।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर महराजगंज में आवारा कुत्तों के इस आतंक पर प्रशासन कब और कैसे लगाम लगाएगा?

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version