महराजगंज: यूपी के महराजगंज (Maharajganj) में भारत-नेपाल की खुली सीमा अब सिर्फ आवाजाही का रास्ता नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय तस्करी के नेटवर्क के लिए अहम ट्रांजिट रूट के तौर पर भी सामने आ रही है।

सोनौली बॉर्डर से जुड़े नशे के मामलों की जांच में तस्करी के तार दिल्ली-NCR, गुरुग्राम की ड्रग लैब और मेक्सिको तक जुड़ने के संकेत मिले हैं। वहीं कन्नौज में करीब 15 करोड़ रुपये के 1सोने की बरामदगी के बाद ठूठीबारी सीमा से जुड़े सोना तस्करी के नेटवर्क की जांच भी तेज हो गई है।

अब तक 51 आरोपी गिरफ्तार

महराजगंज पुलिस के मुताबिक 12 सितंबर 2025 से 11 सितंबर 2026 के बीच सीमावर्ती सात थाना क्षेत्रों कोल्हुई, नौतनवा, सोनौली, परसामलिक, बरगदवा, निचलौल और ठूठीबारी में NDPS एक्ट के 35 मुकदमे दर्ज किए गए और 51 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

इस दौरान 229 किलो से ज्यादा विभिन्न मादक पदार्थ बरामद हुए हैं। इनमें गांजा, चरस, स्मैक और ब्राउन शुगर समेत कई नशीले पदार्थ शामिल हैं। इसके अलावा 5,619 नशीले इंजेक्शन और 322 शीशी अवैध नेपाली शराब भी बरामद की गई।

दिल्ली-एनसीआर से जुड़े तस्करी के तार

सोनौली बॉर्डर पर 2.5 किलो मेथाक्वालोन की बरामदगी ने इस पूरे नेटवर्क की अंतरराष्ट्रीय कड़ी को सामने ला दिया। नेपाल से भारत आ रही मणिपुर की एक महिला के बैग से मिली मेथाक्वालोन की खेप की जांच आगे बढ़ी तो नेटवर्क के तार दिल्ली-NCR और गुरुग्राम तक जुड़ गए।

नशे के अलावा सीमा पर विदेशी सामान की तस्करी भी बड़ी चुनौती बनी हुई है। कार्रवाई के दौरान 5,232 किलो चीनी लहसुन के साथ कद्दू के बीज, ब्राजीलियन मक्का, खाद-यूरिया, इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट और विदेशी चप्पल-कपड़ों समेत कई सामान बरामद किए गए।

निचलौल क्षेत्र में बार-बार तस्करी में पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ दोबारा मुकदमे भी दर्ज किए गए हैं। एएसपी सिद्धार्थ कुमार के मुताबिक भारत-नेपाल सीमा पर लगातार चेकिंग और पेट्रोलिंग की जा रही है।

SSB और पुलिस कार्रवाई में जुटी

पुलिस अपने स्तर पर कार्रवाई के साथ SSB और अन्य सहयोगी एजेंसियों के साथ संयुक्त अभियान चला रही है। बीते एक साल के आंकड़े बताते हैं कि सीमा पर तस्करी के खिलाफ पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई की है, लेकिन सोनौली से दिल्ली-NCR, गुरुग्राम और मेक्सिको तक जुड़ती कड़ियां कई बड़े सवाल भी खड़े कर रही हैं।

रिपोर्ट: ओंकार शुक्ला

 

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version