महराजगंज जिला मुख्यालय स्थित नगर तिराहा सक्सेना चौक पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शॉर्ट सर्किट के कारण बिजली की एक तार अचानक टूटकर सड़क पर गिर गई। घटना के समय एक बाइक सवार तार के ठीक नीचे से गुजर रहा था। खतरे को भांपते हुए उसने तत्काल बाइक छोड़कर छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई।

तार गिरते ही आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और सुरक्षा के मद्देनजर यातायात कुछ समय के लिए बाधित हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और विद्युत विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को तार से दूर रहने की सलाह देते हुए क्षेत्र की घेराबंदी कर दी।

नगर चौकी प्रभारी विजय गोंड ने बताया कि घटना की जानकारी विद्युत विभाग को दे दी गई है। विभागीय कर्मचारियों को मौके पर बुलाया गया है और तार को सुरक्षित तरीके से हटाकर मरम्मत कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है।

स्थानीय नागरिकों ने विद्युत विभाग से जर्जर तारों की जांच कर समय रहते आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति से बचा जा सके।

रिपोर्टर – मोoआरिफ महराजगंज

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version