महराजगंज: यूपी के महराजगंज (Maharajganj) में दो छात्रों ने अपनी जान पर खेल कर डूब रही एक महिला क जान बचा ली। दरअसल निचलौल थाना क्षेत्र नहर में कूदी एक महिला की जान बचाने के लिए कक्षा 10 के दो छात्रों ने पानी में छलांग लगा दी।
महिला को डूबते देखकर दोनों छात्रों ने बिना अपनी जान की परवाह किए पानी में कूद गए और उसे सुरक्षित बाहर निकालने में कामयाब रहे। दोनों छात्रों के साहस की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।
जानकारी के मुताबिक निचलौल सिसवा मार्ग पर नहर पुल के पास करीब 30 साल की एक महिला ने अचानक नहर में छलांग लगा दी। महिला खुद को जहदा गांव की रहने वाली बता रही थी।
10वीं के दो छात्रों ने बचाई जान
इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक इंटर कॉलेज के कक्षा 10 के छात्र कृष्णा गुप्ता और सद्दाम हुसैन की नजर महिला पर पड़ गई। महिला को डूबता देख दोनों छात्रों ने पलभर भी देर नहीं की।
अपनी जान की परवाह किए बिना दोनों नहर में कूद पड़े और महिला को बचाने का प्रयास शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद दोनों ने महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना की जानकारी होने पर आसपास के लोगों ने भी छात्रों के साहस की सराहना की।
स्कूल में सम्मानित होंगे दोनों छात्र
दोनों छात्रों के साहस की जानकारी स्कूल के हेडमास्टर को हुई तो उन्होंने इसे पर गर्व व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छात्रों ने जिस साहस और मानवीय संवेदना का परिचय दिया है, वह अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
हेडमास्टर ने विद्यालय की असेंबली में दोनों छात्रों को सम्मानित और पुरस्कृत करने की घोषणा की। छात्रों के इस साहसिक कदम की जानकारी मिलने के बाद विद्यालय परिवार और क्षेत्र के लोग भी बेहद खुश हैं.

