महोबा: उत्तर प्रदेश के महोबा (Mahoba) में हत्या की एक सनसनीखेज वारदात हुई है। उम्रकैद की सजा काट रहे एक शख्स ने पैरोल पर बाहर आने के बाद अपनी पत्नी की त्रिशूल से निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी तीन घंटे तक शव के पास बैठा रहा। हत्या की वजह पत्नी पर जहरीला पदार्थ देने का शक था। वारदात के बाद आरोपी ने खुद ही परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने उसे फिर से गिरफ्तार कर लिया।
पत्नी की हत्या कर शव के पास बैठा रहा आरोपी
घटना कोतवाली क्षेत्र के रगौलिया बुजुर्ग गांव की है। 50 साल के कल्लन रायकवाड़ ने अपनी 48 साल की पत्नी की त्रिशूल से ताबड़तोड़ हमला कर जान ले ली। खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भागा नहीं, बल्कि सुबह होते ही परिजनों को इसकी जानकारी दी।
हत्या की सूचना मिलते ही एसएसपी वंदना सिंह और कुलपहाड़ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य संकलित किए, वहीं पुलिस ने आरोपी को तुरंत हिरासत गिरफ्तार कर लिया।
पहले भी कर चुका था बच्ची की हत्या
जांच में सामने आया कि आरोपी कल्लन रायकवाड़ का आपराधिक इतिहास बेहद खौफनाक रहा है। वो मध्य प्रदेश की सतना जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा था। साल 2014 में उसने मध्य प्रदेश के नौगांव में अपनी ही 10 महीने की मासूम नातिन की पत्थर से पटककर हत्या कर दी थी, जिसके जुर्म में 2017 में उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। वह हर तीन महीने में पैरोल पर अपने घर आता था।
आरोपी पति गिरफ्तार
परिवार और पुलिस के मुताबिक, आरोपी को अपनी पत्नी पर यह शक था कि वह उसे खाने में कोई जहरीला या नशीला पदार्थ मिलाकर देती है। इसी मानसिक वहम और शक के चलते उसने रविवार-सोमवार की रात घर में रखे त्रिशूल से अपनी पत्नी पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
मृतका के परिजनों ने बताया कि सुबह कल्लन ने खुद इस वारदात के बारे में उन्हें जानकारी दी। एसएसपी वंदना सिंह ने बताया कि पीआरवी के माध्यम से सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


