मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ (Meerut) में पुलिस ने पपेंद्र हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। सरधना के अटेरना गांव में बदले के लिए की गई इस हत्या के मामले में पुलिस ने अनीश नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, शराब पीने के दौरान हुए विवाद में पपेंद्र द्वारा थप्पड़ मारे जाने से नाराज अनीश ने बदला लेने की ठान ली। आरोपी ने पीछे से डंडे से पपेंद्र के सिर पर हमला किया और उसके जमीन पर गिरने के बाद गला दबाकर उसकी जान ले ली। इसके बाद शव को कूड़े के ढेर में दबा दिया।
शराब के पैसे को लेकर हुआ था विवाद
सीओ आशुतोष कुमार के अनुसार, दो सितंबर की रात पपेंद्र और गांव निवासी अनीश घर के बाहर एक खाली प्लॉट में बैठे थे। दोनों पहले बीड़ी पी रहे थे और बाद में शराब पीने लगे। शराब खत्म होने पर अनीश ने पपेंद्र को 100 रुपये दिए और एक और बोतल मंगवाई।
दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। कुछ देर बाद अनीश ने पपेंद्र से दोबारा शराब लाने को कहा, लेकिन पपेंद्र ने पैसे नहीं होने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान अनीश ने पपेंद्र को अपशब्द कहे, जिससे नाराज होकर पपेंद्र ने उसे थप्पड़ मार दिया।
गला दबाकर की थी हत्या, कूड़े में छिपाया शव
इसके बाद अनीश कुछ देर तक वहीं बैठा रहा और शराब लेकर आने की बात कहकर वहां से चला गया। पुलिस का कहना है कि इसी दौरान अनीश ने थप्पड़ का बदला लेने का फैसला किया। वह घर से डंडा लेकर वापस लौटा और पीछे से पपेंद्र के सिर पर वार कर दिया।
चोट लगने से पपेंद्र जमीन पर गिर गया। आरोप है कि इसके बाद अनीश ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फावड़ा लेकर मौके पर पहुंचा और कूड़े के ढेर में जगह बनाकर शव को दबा दिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल डंडा और फावड़ा बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी अनीश को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
रिपोर्ट: अनीस खान

