मिर्जापुर में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय अपने ननिहाल बरैनी गांव पहुंचे, जहां उन्होंने अपने मामा स्वर्गीय अशोक कुमार सिंह के निधन पर शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने भाजपा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा भी किया।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय शनिवार को मिर्जापुर के कछवा क्षेत्र स्थित बरैनी गांव पहुंचे। यहां उन्होंने अपने तीसरे मामा स्वर्गीय अशोक कुमार सिंह के निधन पर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और परिवार को ढांढस बंधाया।
शोक संवेदना व्यक्त करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में अजय राय ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक आधार पर इस्तीफे की मांग की। साथ ही सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि कांग्रेस उनके साथ मजबूती से खड़ी है।
भाजपा के शुद्धि यज्ञ पर कटाक्ष करते हुए अजय राय ने कहा कि यदि शुद्धि यज्ञ कराया जा रहा है तो इसका मतलब है कि पहले अशुद्धि हुई थी। उन्होंने अयोध्या राम मंदिर से जुड़े कथित चोरी प्रकरण और एथेनॉल से जुड़े कथित मामले का जिक्र करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अजय राय ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। बरैनी गांव में उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, समर्थक और ग्रामीण मौजूद रहे। इस दौरान पूर्व विधायक भगवती प्रसाद चौधरी, जिलाध्यक्ष डॉ. शिवकुमार सिंह पटेल, जिला पंचायत सदस्य शिव शंकर चौबे, प्रवक्ता मिन्हाज अहमद ‘छोटे खान’, नगर अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता सहित कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।
फिलहाल, शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने इस मौके का इस्तेमाल प्रदेश और केंद्र सरकार पर राजनीतिक हमला बोलने के लिए भी किया। अब उनके इन बयानों पर सियासी प्रतिक्रिया क्या होती है, इस पर सभी की नजर रहेगी।
रामलाल साहनी मिर्जापुर से नेशन 27 के लिए रिपोर्ट।
तहसील रिपोर्टर: शिवम मोदनवाल (मिर्जापुर) काजल कुमारी

