MoradabadNews: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुरादाबाद में 365.50 करोड़ रुपये की 74 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने 136.15 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण किया, जिनमें बुद्धि विहार फेज-2 का वॉर मेमोरियल, श्रीराम वाटिका और खेल पार्क प्रमुख हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मुरादाबाद में 365.50 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसमें वाॅर मेमोरियल, श्रीराम वाटिका और खेल पार्क का लोकार्पण शामिल है। बुदि्ध विहार फेज-2 के मैदान पर जनसभा से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच पर पहुंचने के बाद दानवीर भामाशाह को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके राष्ट्र और समाज के प्रति योगदान को नमन किया।
भामाशाह के त्याग ने महाराणा प्रताप के स्वाभिमान की लड़ाई को दी नई ताकत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मुरादाबाद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दानवीर भामाशाह के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका त्याग और समर्पण भारत के इतिहास में राष्ट्रभक्ति का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने कहा कि भामाशाह ने अपनी पूरी संपत्ति महाराणा प्रताप को समर्पित कर स्वाभिमान और स्वतंत्रता की लड़ाई को नई शक्ति प्रदान की। सीएम योगी ने अपने संबोधन की शुरुआत पीतलनगरी मुरादाबाद, गुरु जंभेश्वर की पावन साधना स्थली और भारत की आजादी के क्रांतिकारियों की धरती को नमन करते हुए की। उन्होंने दानवीर भामाशाह जयंती और व्यापारी कल्याण दिवस की प्रदेशवासियों, विशेषकर व्यापारी वर्ग को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मुरादाबाद दौरे के दौरान उन्हें सैकड़ों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने का अवसर मिला है। गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर इन परियोजनाओं के शुभारंभ के लिए उन्होंने क्षेत्रवासियों को बधाई दी। कहा कि दानवीर भामाशाह का जीवन इस बात का प्रमाण है कि समाज का एक व्यक्ति भी राष्ट्र की सुरक्षा और स्वाभिमान की रक्षा में निर्णायक भूमिका निभा सकता है। उन्होंने हल्दीघाटी युद्ध का उल्लेख करते हुए कहा कि युद्ध के बाद जब महाराणा प्रताप को कठिन परिस्थितियों में जंगलों में संघर्ष करना पड़ा और संसाधनों का अभाव हो गया, तब भामाशाह अपनी पूरी संपत्ति लेकर उनके पास पहुंचे। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भामाशाह द्वारा दिए गए आर्थिक सहयोग से महाराणा प्रताप ने वर्षों तक अपनी सेना का संचालन किया और मुगल बादशाह अकबर के सामने संघर्ष जारी रखा। उन्होंने कहा कि भामाशाह का त्याग और राष्ट्रभक्ति आज भी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
जीएसटी पंजीकृत व्यापारियों को दुर्घटना में 10 लाख रुपये की सहायता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने व्यापारी कल्याण दिवस के अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जो भी उद्यमी या व्यापारी जीएसटी में पंजीकरण कराता है, यदि उसके साथ कोई दुर्घटना या अप्रिय घटना होती है, तो डबल इंजन सरकार उसके परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराती है।
मुरादाबाद में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने व्यापारियों से इस योजना का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार व्यापारी वर्ग की सुरक्षा और कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सीएम योगी ने कहा कि आज का मुरादाबाद पहले के मुकाबले पूरी तरह बदल चुका है। उन्होंने कहा कि पहले और आज के मुरादाबाद में जमीन-आसमान का अंतर है। सरकार की विकास योजनाओं, बेहतर कानून व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से जिले ने नई पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास और सुशासन के माध्यम से हर क्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

