मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद स्थित सर्किट हाउस परिसर में नमाज़ अदा करने के मामले में सपा नेता हाजी उस्मान के खिलाफ मझोला थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। एसपी सिटी रणविजय सिंह के अनुसार, सार्वजनिक स्थान पर नमाज़ पढ़ने से आम जनता और वाहनों का आवागमन प्रभावित हुआ था।

‘मुकदमों से डर नहीं लगता’

इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए हाजी उस्मान ने कहा कि ईश्वर की इबादत करना गर्व की बात है और वो कानूनी कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने पार्किंग में गाड़ियों के पीछे एकांत में नमाज़ पढ़ी थी, जिससे कोई बाधा नहीं हुई। अन्य धार्मिक आयोजनों का हवाला देते हुए उन्होंने प्रशासन पर दोहरे रवैये का आरोप लगाया और मुकदमा तत्काल निरस्त करने की मांग की।

दरअसल शुक्रवार को बिलारी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक मोहम्मद फहीम इरफान के चाचा और पार्टी के जिला उपाध्यक्ष हाजी मोहम्मद उस्मान के खिलाफ मझोला थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है।

सर्किट हाउस का वीडियो हुआ था वायरल

यह घटना उस दौरान हुई जब नेता प्रतिपक्ष (विधान परिषद) लाल बिहारी यादव गुरुवार को मुरादाबाद के सर्किट हाउस में ठहरे हुए थे। इसी दौरान आगामी एमएलसी चुनाव को लेकर सपा नेताओं के साथ एक बैठक भी हुई थी। शुक्रवार को नेता प्रतिपक्ष वहां से रवाना हो गए, लेकिन इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो गया, जिसमें हाजी मोहम्मद उस्मान सर्किट हाउस परिसर के भीतर अपनी गाड़ी सड़क पर खड़ी कर नमाज अदा करते नजर आ रहे थे।

ये भी पढ़ें: ये भी पढ़ें: सर्किट हाउस में नमाज पढ़ने का मामला: सपा विधायक के चाचा के खिलाफ मुरादाबाद में FIR दर्ज

क्या है पूरा मामला

पुलिस के अनुसार, वीडियो में यह भी दिखा कि गाड़ी रास्ते के बीचोंबीच खड़ी होने से सर्किट हाउस में आने-जाने वाले अन्य लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा। इसी आधार पर सर्किट हाउस के प्रभारी जेई अनिल कुमार की तहरीर पर शुक्रवार रात मझोला थाने में मामला दर्ज किया गया। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने पुष्टि की कि शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

रिपोर्ट: शारिक सिद्दिकी

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version