संदिग्ध आतंकियों के परिजन बोले

दिल्ली पुलिस द्वारा आईएसआई से जुड़े कथित आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए छह संदिग्धों की गिरफ्तारी के बाद मुजफ्फरनगर का नाम भी सामने आया है। गिरफ्तार किए गए छह संदिग्धों में दो युवक मुजफ्फरनगर के खतौली क्षेत्र के अन्ति गांव के बताए जा रहे हैं। वहीं, दोनों के परिजन उन्हें बेगुनाह बताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। उधर, दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के बाद मुजफ्फरनगर पुलिस और एलआईयू भी जांच में जुट गई है। देखिए यह रिपोर्ट…

दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने आईएसआई से जुड़े कथित आतंकी नेटवर्क का खुलासा करते हुए छह संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इनमें मुजफ्फरनगर के खतौली थाना क्षेत्र के अन्ति गांव निवासी दानिश उर्फ चांद मियां और सलमान भी शामिल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि सलमान दिल्ली में फर्नीचर का काम करता था, जबकि दानिश सोलर पैनल लगाने का काम करता था। कुछ दिन पहले दोनों गांव से दिल्ली गए थे, जिसके बाद अब उनकी गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को मिली। गिरफ्तारी की खबर के बाद गांव में हलचल मच गई। दोनों परिवारों का कहना है कि उनके बेटों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है और वे मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे।दानिश की मां गुलिस्ता का दावा है कि उनके बेटे को किसी ने फोन कर तीस हजार रुपये देने का लालच दिया था और किसी जगह से सामान लाने के लिए बुलाया था। उनका कहना है कि दानिश को यह भी नहीं पता था कि उसे क्या सामान लाना है और रास्ते में ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

गुलिस्ता, दानिश उर्फ चांद मियां की मां

वहीं, सलमान की बहन दरक्षा का कहना है कि उसका भाई दिल्ली में फर्नीचर का काम करता है और पैसे लेने के लिए गया था। परिवार का आरोप है कि सलमान का किसी आतंकी गतिविधि से कोई संबंध नहीं है और वह पूरी तरह निर्दोष है।
दरक्षा, सलमान की बहन

इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरनगर पुलिस और स्थानीय एलआईयू की टीम ने दोनों संदिग्धों के घर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस उनके पारिवारिक और सामाजिक संबंधों के साथ-साथ अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है। एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि दिल्ली पुलिस द्वारा साझा की गई जानकारी के आधार पर स्थानीय स्तर पर भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल जांच जारी है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

अमृत जैन, एसपी सिटी, मुजफ्फरनगर
फिलहाल दिल्ली पुलिस और मुजफ्फरनगर पुलिस दोनों अपने-अपने स्तर पर मामले की जांच कर रही हैं। परिजन जहां दोनों युवकों को बेगुनाह बता रहे हैं, वहीं पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version