उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में दूल्हे के अत्यधिक नशे में आने और दहेज के रूप में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग करने से नाराज 20 वर्षीय दुल्हन ने शादी की रस्मों को आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया और बारात को खाली हाथ वापस भेज दिया।

यह घटना बुधाना पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले टांडा माजरा गांव में घटी। दुल्हन के परिवार के अनुसार, करिश्मा सिंह का विवाह डूंगरपुर गांव के निवासी 25 वर्षीय शिवम कुमार से तय हुआ था, जो कपड़ों का व्यवसाय करता है। मामला तब शुरू हुआ जब दुल्हन का परिवार बारात का स्वागत करने के लिए बाहर आया। उन्होंने आरोप लगाया कि दूल्हा शराब के नशे में इतना चूर था कि वह ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था।

दुल्हन के परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि दूल्हे के परिवार के सदस्यों ने शादी की रस्में शुरू करने से पहले बुलेट मोटरसाइकिल की मांग रखी थी। दुल्हे की हरकत से नाराज दुल्हन करिश्मा ने शादी रद्द करने का फैसला किया। उसके इनकार के बाद दूल्हे के परिवार के सदस्यों ने हंगामा शुरु कर दिया। बारात में आये लोगों ने दुल्हन के पिता के साथ मारपीट की और भाग गए। दुल्हन ने कहा कि “मैं हर परिवार को बताना चाहती हूं कि किसी भी बेटी की शादी ऐसे आदमी से नहीं होनी चाहिए जो अपनी ही शादी में नशे में धुत होकर पहुंचे,”

इस घटना से दोनों पक्षों के बीच तनाव पैदा हो गया, जिसके बाद गांव के बुजुर्गों ने हस्तक्षेप करके स्थिति को शांत किया। बाद में दुल्हन के पिता शारधमाल ने पुलिस से संपर्क किया और बुढाना पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने शिकायत में बताया कि हम अपनी बेटी को ऐसे व्यक्ति के साथ कैसे भेज सकते है जो नशे की हालत में हो?” दुल्हन के पिता दिहाड़ी मजदूरी का कार्य करते है। उनके द्वारा दी गई शिकायत में बताया गया कि उन्हें आर्थिक रुप से भारी नुकसान हुआ है।

उन्होंने दावा किया कि शादी की तैयारियों में लगभग 7 लाख रुपये खर्च हो गए है। जिसमें उनकी 1-2 लाख रुपये की निजी बचत खत्म हो गई और 4-5 लाख रुपये का कर्ज भी लिया गया। उन्होंने कहा, “मैं दिहाड़ी मजदूर हूं और शादी के बाद ईंट भट्ठे पर काम पर लौटने वाला था। अब हमारी सारी बचत खत्म हो गई है और हम कर्ज के बोझ तले दबे हुए हैं। बुधाना सर्कल अधिकारी गजेंद्रपाल सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच चल रही है। उन्होंने कहा कि “दहेज के आरोपों की भी जांच की जा रही है।”

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version