उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने लोगों की मुसिबत बढ़ा दी है। बारिश के चलते जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। ताजा मामला मंसूरपुर थाना क्षेत्र के खानपुर गांव का है, जहां देर रात एक गरीब परिवार का कच्चा मकान भरभराकर ढह गया। हादसे में महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
मिली जानकारी के अनुसार खानपुर गांव की सुभाष कॉलोनी निवासी कृष्णपाल और उनकी पत्नी सरोज अपने कच्चे मकान में सो रहे थे। लगातार बारिश और मकान के पीछे खाली पड़े प्लॉट में जलभराव होने के कारण देर रात मकान की दीवार और छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में सरोज की मलबे में दबकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कृष्णपाल घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान पुलिस और तहसील प्रशासन मौके पर पहुंचा। ग्राम प्रधान राजीव धनगर ने बताया कि मृतक परिवार बेहद गरीब है और उनका मकान पहले से ही जर्जर हालत में था। लगातार बारिश और जलभराव के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को हर संभव आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।
वहीं एसडीएम खतौली ललित मिश्रा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया गया। शासन की ओर से निर्धारित मानकों के अनुसार पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी। साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों में प्रशासन और ग्राम विकास विभाग की टीमें लगातार राहत कार्य में जुटी हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि जलभराव वाले स्थानों से दूर रहें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना दें।
लगातार हो रही बारिश अब जानलेवा साबित होने लगी है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।

