प्रयागराज स्थित हंडिया थाना क्षेत्र के बसुपुर स्थित लाला ढाबा के सामने देर रात इथेनॉल से भरे एक टैंकर में रिसाव होने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। चालक की सतर्कता और समय रहते वाहन को सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर देने से संभावित दुर्घटना टल गई।
जानकारी के अनुसार, टैंकर संख्या UP 53 HT 8998 मिर्जापुर से लगभग 40,000 लीटर इथेनॉल लेकर प्रयागराज जा रहा था। टैंकर चालक अरुण कुमार गुप्ता, निवासी ग्राम पाल अभय कचनार, थाना मोहम्मदी, जनपद लखीमपुर खीरी ने बताया कि रात करीब 2 बजे जैसे ही टैंकर हंडिया थाना क्षेत्र के बसुपुर स्थित लाला ढाबा के सामने पहुंचा, अचानक टायर दबने के बाद तेज धमाके के साथ फट गया। टायर ब्लास्ट होने से मडगार्ड टैंकर से टकरा गया, जिससे टैंकर के एक चेंबर में छेद हो गया और इथेनॉल का रिसाव शुरू हो गया।
चालक ने बताया कि टैंकर में कुल 6 चेंबर हैं। इनमें आगे की ओर से दूसरे नंबर के लगभग 7,000 लीटर क्षमता वाले चेंबर में लीकेज हुई, जिससे इथेनॉल पानी की धार की तरह लगातार बहता रहा। चालक ने तत्काल डायल 112, स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग लगने की आशंका को देखते हुए लगातार टैंकर पर पानी का छिड़काव करती रही, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव किया जा सके।
चालक का आरोप है कि घटना की सूचना राष्ट्रीय राजमार्ग हेल्पलाइन 1033 (NHAI) पर भी दी गई थी, लेकिन सुबह करीब 8 बजे तक, यानी लगभग 7 घंटे बीत जाने के बाद भी NHI की टीम मौके पर नहीं पहुंची। इसको लेकर चालक ने नाराजगी जताई और कहा कि यदि समय रहते आवश्यक कार्रवाई नहीं की जाती, तो किसी भी समय बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।
हालांकि, पुलिस एवं फायर ब्रिगेड की मौजूदगी में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। वहीं, NHI की देरी को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखने को मिली।

