उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक आज शाहजहांपुर परशुराम पुरी कस्बे में पहुंचे जहाँ उन्होंने संभल हिंसा को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार कानून व्यवस्था के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शांति, सुरक्षा और कानून का राज कायम रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को माहौल बिगाड़ने या प्रदेश की शांति भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। जो भी दंगा फैलाने, हिंसा भड़काने या कानून हाथ में लेने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बृजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा के शासनकाल में उत्तर प्रदेश कई बार दंगों की आग में झुलसा था।

उन्होंने मुजफ्फरनगर दंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता उस दौर को आज भी भूली नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि संभल मामले में सामने आई कुछ मीडिया रिपोर्टों और फुटेज में सपा से जुड़े लोगों की संलिप्तता के आरोप सामने आए हैं। सरकार हर पहलू की जांच कर रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

उपमुख्यमंत्री ने युवाओं और छात्रों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार उनके हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यदि किसी छात्र या युवा के साथ अन्याय होता है तो दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बृजेश पाठक ने सर्वप्रथम परशुरामपुरी पहुंचकर भगवान परशुराम के पौराणिक मंदिर में पूरा पूजा अर्चना की और बटुकों का पूजन किया.इस दौरान उन्होंने स्थानीय विकास से जुड़े विषयों पर भी चर्चा करते हुए कहा कि सरकार जनभावनाओं का सम्मान करते हुए क्षेत्र के विकास और स्थानीय मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version