शाहजहांपुर: यूपी के शाहजहांपुर में दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बार फिर आवारा गोवंश की वजह से पिता-पुत्र की मौत हो गई। दरअसल बाप-बेटे अपने खेत पर गौवंश से फसल को बचाने के लिए की जा रही तारबंदी कर रहे थे।
इसी दौरान बिजली का करंट लगने से दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। जब दोपहर बाद भी पिता पुत्र घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने खेत पर जाकर देखा तो दोनों के शव पड़े हुए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह दर्दनाक घटना कांट थाना क्षेत्र के इंदेपुर गांव की है। श्यामाचरन अपने बेटे सुमित के साथ अपने खेत में आवारा गौवंश से होने वाले नुकसान से फसल का बचाव करने के लिए झटका वाले तार से तारबंदी करने पहुंचे थे।
तारबंदी के दौरान अचानक फैला करंट
तारबंदी करते समय खंभे से लटक रहा केबल तार पर गिर गया, जिससे तारों में करंट आने के दौरान पिता पुत्र दोनों की मौत हो गई। दोपहर बाद तक जब पिता पुत्र घर पर वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने खेत पर जाकर देखा जहां दोनों मृत अवस्था में पड़े हुए थे।
इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस घटना के बाद मातम पसरा हुआ है। पिता-पुत्र की मौत होने के बाद फिलहाल सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
रिपोर्ट: अरविंद त्रिपाठी

