Shamli News:  उत्तर प्रदेश के शामली जिले के कैराना से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कैराना क्षेत्र में सरेआम गोलियां चलने से इलाके में हड़कंप मच गया। बदमाशों ने समाजवादी पार्टी सरकार में पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री रहे रियासत राणा के पुत्र बिलाल पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में बिलाल के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

मामला कैराना कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आलकलां, मायापुर रोड का है। जानकारी के अनुसार, 31 वर्षीय बिलाल अपने 15 वर्षीय भांजे सेम के साथ गांव मन्नामाजरा के निकट स्थित अपनी कृषि भूमि पर गए थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने वहां करीब 34 बीघा जमीन खरीदी हुई है, जिसका दाखिल-खारिज भी हो चुका है।

आरोप है कि इसी दौरान करीब आठ हमलावर मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान एक गोली बिलाल के पैर में लग गई, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद उनके भांजे ने डायल-112 पुलिस और परिजनों को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे तथा घायल बिलाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। हाई-प्रोफाइल मामला होने के कारण पुलिस प्रशासन भी अलर्ट मोड में है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि हमले में शामिल आरोपी कब तक पुलिस की गिरफ्त में आते हैं।

पूरे मामले पर कैराना क्षेत्राधिकारी (सीओ) हेमंत कुमार ने बताया कि पीआरवी के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि बिलाल पुत्र वैसर ने शिकायत दी है कि राशिद पुत्र जहूर समेत अन्य लोगों ने उन पर फायरिंग की, जिसमें एक गोली उनके पैर में लगी है।

उन्होंने बताया कि घायल को तत्काल अस्पताल भेजा गया तथा प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना कैराना में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट- पंकज मलिक (शामली, ब्यूरो)

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version