खबर यूपी के श्रावस्ती से है जहां श्रावस्ती में भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के अपर सचिव एवं नीति आयोग के केंद्रीय प्रभारी अधिकारी धीरज साहू ने पीएमश्री कम्पोजिट विद्यालय जमुनहा का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों की पढ़ाई, स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब, खगोल विज्ञान प्रयोगशाला, मिड-डे मील और आंगनवाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

कमजोर छात्रों पर विशेष ध्यान देने और विद्यालय की सभी व्यवस्थाएं जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। देखिए हमारी ये खास

श्रावस्ती के विकासखंड जमुनहा स्थित पीएमश्री कम्पोजिट विद्यालय में शनिवार को उस समय हलचल बढ़ गई, जब भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के अपर सचिव एवं नीति आयोग के केंद्रीय प्रभारी अधिकारी धीरज साहू अचानक निरीक्षण के लिए पहुंच गए।

उनके साथ जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद और शिक्षा विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान अपर सचिव ने विद्यालय में शिक्षकों और छात्रों की उपस्थिति की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने सीधे कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से गणित के सवाल ब्लैकबोर्ड पर हल कराए, हिंदी और अंग्रेजी की किताबें पढ़वाईं और सामान्य ज्ञान के सवाल पूछे।

बच्चों ने आत्मविश्वास के साथ जवाब दिए, जिस पर उन्होंने संतोष जताया। धीरज साहू ने स्मार्ट क्लास, आईटीसी कंप्यूटर लैब और खगोल विज्ञान प्रयोगशाला का भी निरीक्षण किया। उन्होंने डिजिटल शिक्षा, तकनीक के उपयोग और छात्रों की भागीदारी का आकलन करते हुए आधुनिक शिक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

अपर सचिव ने विद्यालय में संचालित मिड-डे मील की गुणवत्ता, किचन, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पीएमश्री विद्यालय की सभी व्यवस्थाएं शीर्ष प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रधानाध्यापक और बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पढ़ाई में कमजोर बच्चों की अलग से पहचान कर उन पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि हर छात्र गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सके और उसका समग्र विकास हो। इसके बाद अपर सचिव ने विद्यालय परिसर में संचालित आंगनवाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया। यहां बच्चों को दिए जा रहे पोषाहार, खेल सामग्री और अन्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी के इस औचक निरीक्षण को जिले की शिक्षा व्यवस्था के लिए अहम माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि निरीक्षण में दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध तरीके से पालन कराया जाएगा, ताकि पीएमश्री विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता और बुनियादी सुविधाएं और बेहतर हो सकें।

#Shravasti #UPNews #EducationNews #PMSHRI #SchoolInspection #DigitalEducation
@KShrawasti @dmshravasti @NITIAayog

रिपोर्ट- मनोज मिश्रा (श्रावस्ती) काजल कुमारी

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version