Sonbhadra News: ₹1.20 लाख में नाबालिग को खरीदकर जबरन शादी कराने वाला आरोपी गिरफ्तार.
पुलिस ने मानव तस्करी एवं नाबालिग बालिका की खरीद-फरोख्त के चर्चित मामले में एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के नेतृत्व में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (एएचटी) यूनिट एवं रॉबर्ट्सगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने वांछित आरोपी अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी अमित कुमार पुत्र अशोक पंडित, निवासी पक्की सराय, वार्ड संख्या-34, थाना सासनीगेट, जनपद अलीगढ़, मानव तस्करी, पॉक्सो एक्ट एवं एससी/एसटी एक्ट से जुड़े मामले में फरार चल रहा था। विशेष टीम ने लगातार दबिश, तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर 10 जुलाई को रेलवे स्टेशन सोनभद्र स्थित बीएसएनएल गेट के पास से उसे गिरफ्तार किया।
विवेचना के दौरान पीड़िता द्वारा दिए गए बयान और अन्य साक्ष्यों से आरोपी की सक्रिय भूमिका सामने आई। जांच में यह प्रमाणित हुआ कि नाबालिग पीड़िता को मानव तस्करी के माध्यम से अलीगढ़ ले जाकर अवैध रूप से खरीदा गया और बाद में उसका जबरन विवाह कराया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि सहआरोपी बिंदु, सोनी और शिव सिंह उर्फ रामलाल के माध्यम से पीड़िता को अलीगढ़ लाया गया था। इसके बाद उसने अपने पिता अशोक पंडित के साथ मिलकर करीब 1.20 लाख रुपये देकर नाबालिग को खरीदा और अपने छोटे भाई राहुल कुमार से उसका जबरन विवाह कराया। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद वह पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए लगातार फरार था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ वर्ष 2018 में अलीगढ़ के सासनीगेट थाने में दुष्कर्म, मारपीट और धमकी का मुकदमा भी दर्ज है, जिसमें आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल किया जा चुका है और मामला विचाराधीन है। पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
साथ ही मानव तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की गई।

