उन्नाव जनपद से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। खौलते दूध से झुलसे 11 माह के मासूम की मौत हो गई। घर में खेल रहे बच्चे के ऊपर अचानक गर्म दूध से भरा बर्तन गिर गया। गंभीर हालत में परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मौरावां थाना क्षेत्र के जेरा गांव में दर्दनाक हादसा हो गया। गांव निवासी मोनू राजपूत का 11 माह का बेटा रजनीश घर में खेल रहा था। बताया जा रहा है कि रजनीश की मां उर्मिला ने चूल्हे पर दूध गर्म करने के बाद उसे घर में बंधे सिकहर में रख दिया था। इसी के नीचे बच्चा खेल रहा था। अचानक दूध से भरा बर्तन अनियंत्रित होकर लुढ़क गया और खौलता दूध मासूम के ऊपर गिर गया।
बच्चे की चीख सुनकर मां दौड़ी तो उसे गंभीर रूप से झुलसा देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन बच्चे को आनन-फानन सौ शैय्या अस्पताल ले गए। इसके बाद पुरवा सीएचसी में भी उपचार कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें- ट्रक ड्राइवर को तीसरी बार मिला 3.68 करोड़ का इनकम टैक्स नोटिस, कन्नौज का मामला
रजनीश तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसकी मौत की खबर घर पहुंचते ही मां उर्मिला समेत परिजन बिलख पड़े। मासूम के शव से लिपटकर मां की चीख-पुकार सुन आसपास के लोगों की आंखें भी नम हो गईं। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा रहा।


