Nainital News: सरोवर नगरी समेत जनपद नैनीताल में खाद्य सुरक्षा विभाग त्योहार पर्व के नजदीक आते ही सतर्क हो गया। तमाम जगह जगह दुकानों में निरीक्षण कर आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए जनपद में सघन निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।

आयुक्त, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड तथा जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशों के क्रम में को रामनगर के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। अभियान के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा रामनगर के ढिकुली, लखनपुर चुंगी, मेन मार्केट एवं तहसील लाइन क्षेत्र में दूध एवं दुग्ध उत्पादों का विक्रय करने वाले लगभग आधा दर्जन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विशेष रूप से दूध, दही, पनीर, घी एवं अन्य दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता, खाद्य सुरक्षा मानकों तथा लेबलिंग की जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान कुल 06 खाद्य नमूने लिए गए, जिनमें 02 पनीर, 01 दूध, 01 देशी घी, 01 दही तथा 01 स्वीट कन्डेन्स्ड मिल्क शामिल हैं। सभी नमूनों को नियमानुसार जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखण्ड द्वारा 07 अगस्त 2026 को जारी प्रतिबंधात्मक आदेश के अनुपालन की भी जांच की गई। उक्त आदेश के तहत ऐसे अमानकीकृत डेयरी एनालॉग अथवा गैर-दुग्ध उत्पादों के निर्माण, प्रसंस्करण, भंडारण, परिवहन, वितरण एवं विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया है, जो वास्तविक दुग्ध उत्पाद होने का आभास कराते हैं।

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया कि अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना तथा अमानकीकृत एवं भ्रामक डेयरी/गैर-दुग्ध उत्पादों के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन सुनिश्चित करना है। पर्व के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने को देखते हुए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

यह अभियान राज्य सरकार की सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं मानक अनुरूप खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता के अनुरूप संचालित किया जा रहा है। विभाग द्वारा खाद्य कारोबारियों से भी खाद्य सुरक्षा मानकों एवं निर्धारित नियमों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने की अपील की गई है।

रिपोर्ट- ललित जोशी/सोनू सिंह @Nation27

यह भी पढ़ें- Akash Anand यूपी में फिर एक्टिव, इस बार बदले अंदाज के साथ लंबी पारी की तैयारी

यह भी पढ़ें- यूपी के हर जिले में युवाओं को UPSC से लेकर NEET तक की फ्री कोचिंग मिलेगी

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version