गाजियाबाद के मोहन नगर स्थित आनंद इंडस्ट्रीज एरिया में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक टायर रिट्रेडिंग फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। देखते -देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे इलाके में काला धुआं फैल गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
फायर विभाग को सूचना मिली कि मोहन नगर के आनंद इंडस्ट्रीज एरिया स्थित अल्फा कोल्ड रेट्रेड्स फैक्ट्री में आग लग गई है। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन की टीम दो दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंची। फैक्ट्री में पुराने टायरों पर रबड़ चढ़ाने यानी रिट्रेडिंग का काम किया जाता था। रबड और ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैल गई और कुछ ही देर में उसने विकराल रूप ले लिया।
आग की गंभीरता को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देश पर वैशाली और कोतवाली फायर स्टेशन से अतिरिक्त वाटर बाउजर भी मौके पर बुलाए गए। फैक्ट्री तक पहुंचने का केवल एक ही रास्ता होने के कारण दमकल कर्मियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ऐसे में आग पर तेजी से नियंत्रण पाने के लिए पास के मंदिर परिसर की ओर से फैक्ट्री की दीवार तोड़ी गई और दोनों तरफ से पानी तथा फोम की बौछार शुरू की गई।
रबड में लगी आग से उठ रहे घने और हानिकारक धुएं के बीच फायर कर्मियों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए लगातार राहत कार्य जारी रखा। फोम और पानी की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। घटना के समय फैक्ट्री मालिक विद्या प्रकाश शर्मा भी मौके पर मौजूद रहे।
आग बुझने के बाद फायर विभाग ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह विद्युत शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि विस्तृत जांच अभी जारी है। इस हादसे में किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है, जिससे प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।

